करनाल। राजवीर दीक्षित
(IDFC scam hits grain market, CBI raid creates stir) हरियाणा के चर्चित IDFC First Bank-AU Small Finance Bank फंड घोटाले की जांच अब करनाल अनाज मंडी तक पहुंच गई है। बुधवार को CBI की 4-5 टीमों ने पुलिस बल के साथ करनाल और घरौंडा अनाज मंडी से जुड़ी आढ़त फर्मों के रिकॉर्ड खंगाले। जांच एजेंसी की कार्रवाई के बाद मंडी में हड़कंप मच गया।
आढ़त फर्मों पर फर्जी बिलिंग का शक
जांच से जुड़े सूत्रों के अनुसार, 3-4 आढ़त फर्में CBI की जांच के दायरे में हैं। इन फर्मों के बैंक लेनदेन, बिलिंग और अन्य दस्तावेजों की जांच की जा रही है। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि कहीं इन फर्मों के जरिए कथित तौर पर फर्जी बिलिंग या संदिग्ध लेनदेन तो नहीं किए गए।
फिलहाल फर्मों की भूमिका जांच का विषय है और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
मार्केट कमेटी कार्यालय भी पहुंची टीम
CBI की टीमों ने मार्केट कमेटी कार्यालय पहुंचकर आढ़त फर्मों से संबंधित रिकॉर्ड और दस्तावेजों की जानकारी ली। अधिकारियों ने उपलब्ध दस्तावेजों और रिकॉर्ड का मिलान किया।
645 करोड़ के फंड घोटाले की जांच
इस मामले में ED के मुताबिक सरकारी खातों से करीब 645 करोड़ रुपये की कथित हेराफेरी हुई। एजेंसी के अनुसार रकम को विभिन्न संस्थाओं और ज्वेलर्स के खातों के जरिए रूट और लेयर किया गया तथा कुछ लेनदेन को सामान्य कारोबारी गतिविधियों के तौर पर दिखाने का आरोप है।
वहीं, CBI ने अपने मामले में कथित नुकसान की राशि 657 करोड़ रुपये बताई है। एजेंसी इस मामले में अब तक कई आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। सितंबर 2026 में दाखिल तीसरी चार्जशीट में 6 हरियाणा-कैडर IAS अधिकारियों समेत 19 लोगों को आरोपी बनाया गया था।
ज्वेलर्स तक पहुंचा था पैसों का ट्रेल
ED की जांच के अनुसार कथित तौर पर सरकारी धन को शेल कंपनियों और ज्वेलर्स के बैंक खातों के जरिए आगे ट्रांसफर किया गया। 29 सितंबर को ED ने चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला में 14 ठिकानों पर तलाशी ली थी। एजेंसी ने कहा कि कार्रवाई में पैसों की रूटिंग, लेयरिंग और कथित तौर पर उन्हें वैध दिखाने से जुड़े दस्तावेज मिले हैं।
जांच की आंच अब मंडी तक
CBI की करनाल कार्रवाई के बाद अब जांच एजेंसी की नजर आढ़त फर्मों के रिकॉर्ड और कथित वित्तीय कड़ियों पर है। दस्तावेजों की जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि इन फर्मों का घोटाले से कोई संबंध है या नहीं।



















