Home Himachal Pradesh चिट्टा तस्कर को पकड़ने पहुंची पुलिस पर जानलेवा हमला! SHO को गाड़ी...

चिट्टा तस्कर को पकड़ने पहुंची पुलिस पर जानलेवा हमला! SHO को गाड़ी से कुचला

ऊना । राजवीर दीक्षित

(Lethal attack on police who arrived to apprehend a synthetic drug smuggler; SHO run over by vehicle) ऊना में नशे के कारोबार से जुड़े आरोपियों ने पुलिस कार्रवाई के दौरान ऐसा दुस्साहस किया कि मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी की जान तक खतरे में पड़ गई। अंब थाना क्षेत्र के नकड़ोह में चिट्टा पकड़ने गई पुलिस टीम को देखकर एक आरोपी ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी और SHO विपिन शर्मा को टक्कर मार दी।

पुलिस के मुताबिक, नकड़ोह में नशे की तस्करी की गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई की थी। टीम ने बाइक पर सवार अर्जुन सिंह उर्फ जोनी निवासी वार्ड नंबर चार कैलाश नगर नकड़ोह को जांच के लिए रोका।

जैसे ही पुलिस ने उसे पकड़ा, आरोपी ने अपनी जेब से चिट्टा निकालकर झाड़ियों में फेंक दिया। लेकिन पुलिस की कार्रवाई के बीच अचानक एक गाड़ी मौके पर पहुंचती है और पूरा मामला पलट जाता है।

बताया गया कि जसकीरत सिंह निवासी गगरेट, अर्जुन से चिट्टा लेने के लिए गाड़ी लेकर वहां पहुंचा था। पुलिस टीम को अर्जुन के पास देखकर जसकीरत ने गाड़ी रोकने के बजाय उसकी स्पीड बढ़ा दी। गाड़ी सीधे थाना प्रभारी अंब विपिन शर्मा की तरफ बढ़ी और उन्हें टक्कर मार दी।

गनीमत रही कि SHO ने अपनी तरफ आती गाड़ी को देखकर खुद को संभाल लिया। बावजूद इसके वह वाहन की चपेट में आकर घायल हो गए। उनकी बाजू और एक टांग में चोट आई। उन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया।

इसके बाद पुलिस ने तेजी दिखाते हुए गाड़ी को रुकवाया और जसकीरत सिंह को काबू कर लिया। वहीं अर्जुन सिंह को भी हिरासत में ले लिया गया।

पुलिस ने जब झाड़ियों में तलाशी ली तो वहां से अर्जुन द्वारा फेंका गया प्लास्टिक पाउच बरामद हुआ। इसमें 5.77 ग्राम चिट्टा मिला। इसके बाद पुलिस ने अर्जुन के घर पर भी दबिश दी, जहां से 8.73 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया।

इस तरह दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 14.50 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

एक तरफ नशे की खेप, दूसरी तरफ पुलिस अधिकारी को कुचलने की कोशिश—नकड़ोह की यह पूरी कार्रवाई अब गंभीर पुलिस केस में बदल चुकी है।

डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। इसके साथ ही SHO को गाड़ी से कुचलने के प्रयास को लेकर भी संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

Translate »
error: Content is protected !!