Home India पुंछ में आतंकी ठिकाना ध्वस्त, AK-47 और 6 हथगोले बरामद

पुंछ में आतंकी ठिकाना ध्वस्त, AK-47 और 6 हथगोले बरामद

पुंछ। राजवीर दीक्षित 

(Terrorist hideout destroyed in Poonch; AK-47 and 6 hand grenades recovered) जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। पुंछ जिले के सुरनकोट इलाके में एक गुफा के भीतर बने संदिग्ध आतंकी ठिकाने का पर्दाफाश किया गया है। सेना और पुलिस के संयुक्त अभियान में AK-47 राइफल, छह हथगोले और भारी मात्रा में अन्य सामान बरामद किया गया।

अधिकारियों के अनुसार, सथराबाण के जंगलों में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान एक AK-47 राइफल, एक मैगजीन, 30 कारतूस, छह हथगोले और कुछ दवाइयां मिलीं। अभियान में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

उधमपुर-कठुआ के जंगलों में सर्च ऑपरेशन

संदिग्ध गतिविधियों की सूचना के बाद उधमपुर के मजालता और कठुआ के बिलावर के ऊपरी इलाकों में भी सेना और पुलिस का संयुक्त तलाशी अभियान जारी है। अधिकारियों के मुताबिक, सोमवार शाम से सोआन, खुबान, चोर, नागण, सदरौता, भेड़ और बलोर के वन क्षेत्रों में तलाशी ली जा रही है। फिलहाल सुरक्षा बलों का संदिग्धों से आमना-सामना नहीं हुआ है।

मेंढर में मिलीं दो जंग लगी बारूदी सुरंगें

पुंछ के मेंढर सेक्टर के बसोनी इलाके में मंगलवार सुबह सीमा से सटी बाड़ के पास दो जंग लगी बारूदी सुरंगें भी मिलीं। अधिकारियों के अनुसार, ट्रैक निर्माण कार्य के दौरान इनका पता चला। बाद में सेना के विशेषज्ञों ने नियंत्रित विस्फोट के जरिए दोनों सुरंगों को नष्ट कर दिया।

अधिकारियों ने बताया कि पिछले एक सप्ताह में इस क्षेत्र में 12 से अधिक बारूदी सुरंगों का पता लगाकर उन्हें निष्क्रिय किया जा चुका है। सुरक्षा बल सीमावर्ती और वन क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं।

Translate »
error: Content is protected !!