गुरदासपुर। राजवीर दीक्षित
(Clash between police and criminals in Punjab! Two apprehended following an exchange of fire; a third remains at large) पंजाब के गुरदासपुर जिले के डेरा बाबा नानक में बुधवार को पुलिस और संदिग्ध बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। बाइक पर घूम रहे तीन नकाबपोश युवकों ने पीछा कर रही पुलिस टीम पर दाना मंडी में फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए स्थानीय लोगों की मदद से दो आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि तीसरा फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, गोलीबारी में किसी पुलिसकर्मी या अन्य व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।
पुलिस को देखते ही दाना मंडी में घुसे
डीएसपी जोगा सिंह ने बताया कि थाना डेरा बाबा नानक के एसएचओ अशोक कुमार को सूचना मिली थी कि तीन संदिग्ध युवक मुंह ढककर मोटरसाइकिल पर इलाके में घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उनका पीछा शुरू किया।
पुलिस को देखकर तीनों दाना मंडी की ओर भागे। वहां उन्हें घेरकर पकड़ने की कोशिश की गई तो आरोपियों ने पुलिस पार्टी पर गोलियां चला दीं। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की।
स्थानीय लोगों की मदद से दो गिरफ्तार
डीएसपी जोगा सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने दाना मंडी की घेराबंदी की। इस दौरान स्थानीय युवकों ने भी पुलिस की मदद की और दो संदिग्धों को मौके पर काबू कर लिया गया।
तीसरे आरोपी की तलाश में सर्च ऑपरेशन
पुलिस के मुताबिक, तीसरा आरोपी मंडी में घनी झाड़ियों और पेड़-पौधों की आड़ लेकर फरार हो गया। उसे पकड़ने के लिए इलाके में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
बीती रात की वारदात से भी जुड़ सकते हैं तार
प्रारंभिक जांच में पकड़े गए आरोपियों के बीती रात इलाके में हुई एक आपराधिक घटना में शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले की जांच के बाद ही घटनाओं के बीच संभावित संबंध स्पष्ट हो सकेगा।

















