शिमला।राजवीर दीक्षित
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। हादसा रोहड़ू क्षेत्र के दरोटी इलाके में पानू नाला के पास हुआ, जहां एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।
पुलिस के मुताबिक, दरोटी निवासी कुशल अपनी मां कल्पना देवी और कुछ मजदूरों को खेत में काम के लिए लेकर जा रहा था। इसी दौरान वाहन हादसे का शिकार हो गया। दुर्घटना में कुशल और उसकी मां कल्पना देवी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, नेपाल की रहने वाली तीन महिला मजदूरों निर्मला, मीना और रोशनी ने भी दम तोड़ दिया।
हादसे में घायल व्यक्ति को पहले रोहड़ू अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए IGMC शिमला रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता देने और घायल का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को तत्काल 15-15 हजार रुपये की राहत राशि भी दी गई है।


















