Home Sports फाइनल से महंगी भारत-पाक क्रिकेट मैच का टिकट!

फाइनल से महंगी भारत-पाक क्रिकेट मैच का टिकट!

जोहान्सबर्ग। टारगेट न्यूज नेटवर्क 

 

(India-Pak cricket match tickets costlier than the final!) वनडे वर्ल्ड कप 2027 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले को लेकर क्रिकेट फैंस में जबरदस्त दीवानगी देखने को मिल रही है। 10 अक्टूबर को जोहान्सबर्ग में होने वाले इस महामुकाबले के टिकटों के लिए करीब 84 लाख आवेदन मिले हैं, जबकि स्टेडियम की दर्शक क्षमता महज 34 हजार है। यानी उपलब्ध सीटों से लगभग 247 गुना ज्यादा टिकटों की मांग सामने आई है।

फाइनल को भी छोड़ा पीछे

टिकटों की मांग के मामले में भारत-पाकिस्तान मुकाबला सबसे आगे है। ICC के आंकड़ों के मुताबिक, इस मैच के लिए कुल 83,97,294 आवेदन मिले हैं। वहीं, 21 नवंबर को इसी स्टेडियम में होने वाले वर्ल्ड कप फाइनल के लिए 79,00,944 रजिस्ट्रेशन हुए हैं। इस तरह भारत-पाकिस्तान मुकाबले ने टिकटों की मांग में फाइनल को भी पीछे छोड़ दिया है।

टिकट पाने के लिए लॉटरी का सहारा

वर्ल्ड कप टिकटों के लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 21 नवंबर 2026 तक जारी रहेगी। टिकटों की मांग उपलब्ध सीटों से अधिक होने पर कंप्यूटराइज्ड रैंडम लॉटरी के जरिए सफल आवेदकों का चयन किया जाएगा। यह व्यवस्था पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर नहीं होगी।

193 देशों से आए 12 करोड़ से ज्यादा आवेदन

ICC के अनुसार, अब तक टूर्नामेंट के लिए 193 देशों से 12 करोड़ से अधिक टिकट आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें दक्षिण अफ्रीका में होने वाले 41 मुकाबलों के लिए ही 10.5 करोड़ से ज्यादा आवेदन आए हैं। मेजबान दक्षिण अफ्रीका के मैचों को लेकर भी फैंस में भारी उत्साह है। इन मुकाबलों के लिए करीब 2.6 करोड़ आवेदन मिले हैं।

24 साल बाद अफ्रीका में लौटेगा वनडे वर्ल्ड कप

वनडे वर्ल्ड कप 24 साल बाद अफ्रीकी धरती पर आयोजित होगा। दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया संयुक्त रूप से टूर्नामेंट की मेजबानी करेंगे। इसमें 14 टीमें हिस्सा लेंगी और 12 वेन्यू पर कुल 57 मुकाबले खेले जाएंगे।

कुल 12 वेन्यू में से आठ दक्षिण अफ्रीका, तीन जिम्बाब्वे और एक नामीबिया में होगा। नामीबिया पहली बार पुरुषों के सीनियर वर्ल्ड कप मुकाबलों की मेजबानी करेगा। इससे पहले दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे 2003 वनडे वर्ल्ड कप की मेजबानी कर चुके हैं।

पहले भी बड़े मुकाबलों के लिए अपनाया गया लॉटरी सिस्टम

क्रिकेट के बड़े टूर्नामेंटों में टिकटों की भारी मांग को देखते हुए पहले भी बैलट या लॉटरी सिस्टम अपनाया जा चुका है। 2011 वनडे वर्ल्ड कप, 2016 टी-20 वर्ल्ड कप, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2024 टी-20 वर्ल्ड कप में भी कई महत्वपूर्ण मुकाबलों के टिकटों के लिए इसी तरह की व्यवस्था की गई थी।

भारत-पाकिस्तान मुकाबले के लिए टिकटों की रिकॉर्ड मांग ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि दोनों देशों के बीच क्रिकेट मैच का रोमांच दुनिया भर के दर्शकों के सिर चढ़कर बोलता है।

Translate »
error: Content is protected !!