द टारगेट न्यूज़:
चंडीगढ़ प्रशासन ने केंद्र शासित प्रदेश के जेल विभाग में जेल वार्डर के पदों पर भर्ती के लिए पूर्व अग्निवीरों को आयु सीमा में विशेष छूट देने का निर्णय लिया है। गृह विभाग द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, यह कदम पूर्व सैनिकों को रोजगार के अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से उठाया गया है। इस नई व्यवस्था के तहत, पूर्व अग्निवीरों को ऊपरी आयु सीमा में तीन साल की छूट दी जाएगी। इसके अतिरिक्त, अग्निपथ योजना के पहले बैच के उम्मीदवारों को पांच साल की विशेष आयु सीमा में छूट का लाभ मिलेगा। यह रियायतें अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के तहत मिलने वाली सामान्य छूट के अतिरिक्त होंगी। भर्ती प्रक्रिया में प्राथमिकता चंडीगढ़ के मूल निवासियों को दी जाएगी। हालांकि, यदि केंद्र शासित प्रदेश से योग्य उम्मीदवार उपलब्ध नहीं होते हैं, तो इन रिक्तियों को भरने के लिए पंजाब या हरियाणा के निवासी पूर्व अग्निवीरों पर भी विचार किया जा सकेगा।


















