ऊना। राजवीर दीक्षित
(DC Jatin Lal, along with his family, celebrated Diwali with migrant children) उपायुक्त जतिन लाल शनिवार को परिवार सहित ईसपुर की शिक्षा सुधार समिति द्वारा नौण मंदिर परिसर में आयोजित दीपावली उत्सव में शामिल हुए। उन्होंने समिति के गैर-आवासीय प्रशिक्षण केंद्रों में पढ़ने वाले प्रवासी परिवारों के बच्चों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। इस अवसर पर बच्चों ने गीतों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और आकर्षक रंगोलियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उपायुक्त के साथ उनकी माता कमलेश लाल, धर्मपत्नी डॉ. रेणु सहरावत और बेटा विहान भी मौजूद रहे।

बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए जतिन लाल ने कहा कि हर बच्चे में प्रतिभा होती है और उसे निखारने के लिए उचित अवसर व प्रोत्साहन मिलना जरूरी है। उन्होंने बच्चों को पढ़ाई के साथ खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियां बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में सहायक होती हैं।
इस दौरान उपायुक्त ने बच्चों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई और शिक्षा से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से पढ़ाई जारी रखने और जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रोत्साहित किया।
बच्चों के साथ खुशियां बांटते हुए उपायुक्त जतिन लाल भी उनके डांस में शामिल हुए। उनकी इस सहभागिता से बच्चों का उत्साह और बढ़ गया।कार्यक्रम में उनके बेटे विहान ने बच्चों के साथ केक काटा और सभी बच्चों को केक वितरित किया।
समारोह में शिक्षा सुधार समिति की ओर से गैर-आवासीय प्रशिक्षण केंद्रों के बच्चों को पाठ्य सामग्री वितरित की गई। समिति के संस्थापक ओपी डोगरा ने बच्चों की शिक्षा एवं प्रोत्साहन के लिए 1 लाख 25 हजार रुपये की राशि भेंट की।
समिति के महासचिव सुच्चा सिंह कंग ने उपायुक्त एवं अन्य अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि समिति जरूरतमंद और प्रवासी परिवारों के बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से गैर-आवासीय प्रशिक्षण केंद्र संचालित कर रही है। उन्होंने इस कार्य में समाज के सहयोग को महत्वपूर्ण बताया।
इस अवसर पर सतीश शर्मा, मोहन सिंह जसवाल, सरवन कुमार खट्टा, अश्वनी, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य शिव कुमार, कैप्टन हरमेश, रामकृष्ण भट्टी, सुरेश कुमार और तारा सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।













