ऊना। सत्यदेव शर्मा
(Diwali celebrated with great joy at Scholars Unified School) स्कॉलर्स यूनिफाइड सीनियर सेकेंडरी स्कूल, ऊना में दीपावली का पर्व हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने विभिन्न रंगों से आकर्षक रंगोलियां बनाकर अपनी रचनात्मकता और कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। रंग-बिरंगी और मनमोहक रंगोलियों से विद्यालय परिसर उत्सव के रंग में रंगा नजर आया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों में खासा उत्साह देखने को मिला। रंगोलियों के माध्यम से दीपावली के पारंपरिक महत्व और त्योहार की खुशियों को खूबसूरती से दर्शाया गया। पूरे विद्यालय परिसर में उल्लास और सकारात्मकता का माहौल बना रहा।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक एवं प्रधानाचार्य धीरज शर्मा ने सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दीपावली प्रकाश, खुशियों, प्रेम और आपसी सद्भाव का पर्व है। ऐसे त्योहार हमारी सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं। साथ ही आपसी सहयोग, एकता और भाईचारे की भावना को भी मजबूत करते हैं। इस मौके पर अध्यापिकाएं सुनीता, ऋतु, सोनम, कल्पना, रुचि, शिखा, मनदीप, निशा, मनप्रीत, नीतिका, राज, सुजाता और दीक्षा उपस्थित रहीं। विद्यालय परिवार ने सभी के सुख, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए दीपावली की शुभकामनाएं दीं।













