(Preparations for 12 teams in the WTC! Clouds of uncertainty loom over ODIs.) अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बड़े बदलावों की तैयारी चल रही है। बाली में हो रही ICC बोर्ड बैठक में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) में टीमों की संख्या 9 से बढ़ाकर 12 करने के प्रस्ताव पर चर्चा होगी। इसके साथ ही वनडे क्रिकेट के भविष्य और 2027 से 2031 तक के नए फ्यूचर टूर प्रोग्राम (FTP) पर भी अहम विचार-विमर्श किया जाएगा।
हालांकि, रिपोर्ट के मुताबिक अगले WTC साइकल में 9 टीमों के ही खेलने की संभावना है। ऐसे में 12 टीमों को शामिल करने का प्रस्ताव भविष्य के लिए अहम हो सकता है।
2027-31 के क्रिकेट कैलेंडर पर होगी चर्चा
ICC की बैठक में 2027 से 2031 तक के नए FTP का खाका पेश किया जाएगा। मौजूदा FTP मार्च में समाप्त हो रहा है और अधिकांश देशों के बीच द्विपक्षीय सीरीज को लेकर सहमति बन चुकी है।
रिपोर्ट के अनुसार, इंग्लैंड 2028 में जिम्बाब्वे का दौरा कर सकता है। इस दौरान कम से कम एक टेस्ट मैच खेले जाने की संभावना है। दोनों देशों के बीच जिम्बाब्वे में आखिरी द्विपक्षीय सीरीज वर्ष 2004 में हुई थी।
दक्षिण अफ्रीका 2027 में जिम्बाब्वे का टेस्ट दौरा करेगा, जबकि ऑस्ट्रेलिया के भी अगले FTP में जिम्बाब्वे जाने की संभावना है। हालांकि, ऑस्ट्रेलिया के संभावित दौरे में टेस्ट मैच होंगे या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
वनडे क्रिकेट पर लटक सकती है तलवार
ICC ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के भविष्य को लेकर मैनेजमेंट कंसल्टिंग कंपनी मैकिन्से से रणनीतिक समीक्षा करवाई है। इसकी रिपोर्ट बोर्ड बैठक में पेश की जाएगी। इसमें टेस्ट, वनडे और टी-20 तीनों फॉर्मेट को लेकर सुझाव शामिल हैं।
वनडे क्रिकेट की घटती लोकप्रियता और टेस्ट-टी20 के बीच इसकी स्थिति को लेकर खास चर्चा होने की उम्मीद है। रिपोर्ट के मुताबिक, अगले FTP साइकल में वनडे मैचों की संख्या घटाई जा सकती है। वनडे मुकाबलों को मुख्य रूप से 2030 और 2031 में आयोजित करने का सुझाव सामने आ सकता है, ताकि 2031 वनडे विश्व कप की तैयारी पर ध्यान दिया जा सके।
अफगानिस्तान की महिला क्रिकेट टीम पर भी मंथन
बैठक में अफगानिस्तान की रिफ्यूजी महिला क्रिकेट टीम के भविष्य पर भी चर्चा होगी। ICC ने इस साल इसके लिए एक टास्क फोर्स गठित की थी। यह समिति खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और मैचों का कार्यक्रम तैयार कर रही है, ताकि टीम 2030 में संभावित क्वालिफिकेशन की तैयारी कर सके। टास्क फोर्स बैठक में अपनी आगे की योजना पेश करेगी।













