Home Crime नकली गोल्ड फ्लैक की फैक्ट्री पकड़ी! रोज 200 पेटी सिगरेट का खेल

नकली गोल्ड फ्लैक की फैक्ट्री पकड़ी! रोज 200 पेटी सिगरेट का खेल

टारगेट न्यूज सर्विस। राजवीर दीक्षित

 

(Factory producing counterfeit Gold Flake cigarettes busted! 200 cases of cigarettes churned out daily) हरियाणा के पानीपत में नकली ब्रांडेड सिगरेट बनाने के कथित बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। डायरेक्टरेट जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलिजेंस (DGGI) की गुरुग्राम टीम ने बुधवार को एक सिगरेट फैक्ट्री पर छापेमारी की। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यहां प्रतिदिन करीब 150 से 200 पेटी सिगरेट तैयार की जाती थीं। आरोप है कि फैक्ट्री में दिन के समय ए-टेन और रात में मशहूर गोल्ड फ्लैक ब्रांड के नाम से सिगरेट बनाई जाती थीं।

जांच एजेंसियों को आशंका है कि इस कारोबार के जरिए बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी की गई हो सकती है। फिलहाल कंपनी के दस्तावेजों, मशीनों, कच्चे माल और सप्लाई नेटवर्क की पड़ताल जारी है।

सोनीपत में रेड पड़ी तो पानीपत शिफ्ट कर दी फैक्ट्री!

जांच से जुड़े इनपुट के अनुसार, पहले सोनीपत के बहालगढ़ में सिगरेट निर्माण का काम चल रहा था। वहां जीएसटी विभाग की छापेमारी के बाद कथित तौर पर कारोबार पानीपत के गांव जलालपुर प्रथम में स्थानांतरित कर दिया गया।

यहां कंपनी का नाम बदलकर एसके एक्सपोर्ट रखा गया।

बताया जा रहा है कि दस्तावेजों में कंपनी का कारोबार एक्सपोर्ट से संबंधित दिखाया गया था, जबकि शुरुआती जांच में विदेशों में माल भेजे जाने का कोई प्रमाण सामने नहीं आया। कंपनी के पास एक्सपोर्ट लाइसेंस नहीं होने की बात भी कही जा रही है।

दिन में ए-टेन, रात 11 बजे से गोल्ड फ्लैक का उत्पादन!

जांच में सामने आई जानकारी के मुताबिक, फैक्ट्री में दो अलग-अलग शिफ्टों में सिगरेट तैयार की जाती थीं।

दिन के समय ए-टेन ब्रांड के नाम से उत्पादन होता था, जबकि रात करीब 11 बजे से सुबह 3 बजे तक कथित तौर पर गोल्ड फ्लैक ब्रांड की नकली सिगरेट बनाई जाती थीं।

रात की शिफ्ट में तैयार होने वाली करीब 50 से 100 पेटियां दिल्ली भेजे जाने की जानकारी मिली है।

आरोप है कि गोल्ड फ्लैक की डिब्बियां और फिल्टर दिल्ली के सिरसपुर इलाके से मंगवाए जाते थे, जहां इनकी प्रिंटिंग और पैकेजिंग की व्यवस्था थी।

हैदराबाद से मंगवाया गया 80 टन तक तंबाकू!

फैक्ट्री में सिगरेट बनाने के लिए हैदराबाद से ट्रकों के जरिए तंबाकू मंगवाए जाने की जानकारी सामने आई है।

बताया जा रहा है कि एक ट्रक में करीब 10 टन तंबाकू आता था। अब तक लगभग 70 से 80 टन तंबाकू मंगवाए जाने का दावा किया जा रहा है।

तंबाकू के परिवहन के लिए ई-वे बिल भी तैयार किए जाते थे। अब जांच एजेंसियां इन बिलों का वास्तविक खरीद और सप्लाई रिकॉर्ड से मिलान कर रही हैं।

यह भी पता लगाया जा रहा है कि जिन कंपनियों के नाम पर खरीद के दस्तावेज बनाए गए, वे वास्तव में मौजूद हैं या नहीं।

रोजाना 2 करोड़ रुपये तक टैक्स देनदारी का अनुमान!

जांच से जुड़े सूत्रों के अनुसार, सिगरेट की एक पेटी पर करीब एक लाख रुपये तक टैक्स देनदारी होने का अनुमान है।

यदि फैक्ट्री में प्रतिदिन 200 पेटी उत्पादन के दावे की पुष्टि होती है तो इस हिसाब से रोजाना लगभग दो करोड़ रुपये की संभावित टैक्स देनदारी बन सकती है।

हालांकि, यह शुरुआती अनुमान है। वास्तविक टैक्स देनदारी या चोरी की रकम का निर्धारण जांच और दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही होगा।

बताया जा रहा है कि एक पेटी सिगरेट तैयार करने पर करीब 10 हजार रुपये खर्च होते थे, जबकि उसे बाजार में लगभग 80 हजार रुपये में बेचा जाता था।

3 करोड़ की मशीनें, आयकर रिटर्न सिर्फ 6 लाख!

फैक्ट्री के संचालन से जुड़े कमलेश नामक व्यक्ति द्वारा करीब तीन करोड़ रुपये की मशीनें खरीदने की जानकारी भी सामने आई है।

बताया जा रहा है कि कमलेश की आयकर रिटर्न करीब छह लाख रुपये की है। ऐसे में इतनी महंगी मशीनों की खरीद के लिए धन कहां से आया, इसकी भी जांच की जा रही है।

मशीनें असम से मंगवाए जाने की बात सामने आई है। एजेंसियां खरीद के बिलों और भुगतान से जुड़े दस्तावेज खंगाल रही हैं।

असली मालिक कौन? तीन लोगों की भूमिका जांच के घेरे में

फैक्ट्री के मालिकाना हक को लेकर भी अलग-अलग जानकारियां सामने आई हैं।

दस्तावेजों में फैक्ट्री कमलेश के नाम होने की बात कही जा रही है, जबकि दिल्ली के शाहदरा निवासी कुलदीप को इसका वास्तविक मालिक बताया जा रहा है।

वहीं, हरीश नामक व्यक्ति के फैक्ट्री का रोजमर्रा का कामकाज संभालने की जानकारी मिली है।

जांच एजेंसियां इन तीनों व्यक्तियों की कथित भूमिका और कारोबार से जुड़े वित्तीय लेनदेन की पड़ताल कर रही हैं।

अब सप्लाई नेटवर्क और टैक्स रिकॉर्ड की जांच

DGGI की कार्रवाई के बाद सिगरेट निर्माण में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल, पैकेजिंग सामग्री, मशीनों और तैयार माल की सप्लाई से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि कथित नकली सिगरेट किन-किन बाजारों में भेजी गईं और कारोबार के दौरान कितनी टैक्स देनदारी बनती थी।

फिलहाल नकली ब्रांड के इस्तेमाल, मालिकाना हक और संभावित टैक्स चोरी से जुड़े आरोप जांच के अधीन हैं। अंतिम निष्कर्ष आधिकारिक जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।

Translate »
error: Content is protected !!
BREAKING NEWS
शिरोमणि अकाली दल में वापसी: बुढलाडा के पूर्व प्रभारी डॉ. निशान सिंह हुकमवाला ने फिर थामा पार्टी का दामन सनसनी! युवती के शव के टुकड़े खेत और नाले में मिले 18वीं राष्ट्रीय राफ्टिंग चैंपियनशिप: पंजाब की पहली महिला राफ्टिंग टीम देवप्रयाग के लिए रवाना, अलकनंदा और भागीरथी की लहरों से लेगी मुकाबला MBBS एडमिशन के नाम पर ₹30 लाख की ठगी, 3 गिरफ्तार! शिक्षा विभाग में बड़ा फेरबदल! कई जिलों के DEO-DEEO बदले श्री गुरु गोबिंद सिंह कॉलेज ने जीते पंजाब यूनिवर्सिटी हॉकी और खो-खो मुकाबले दिल्ली में प्रदूषण पर सख्त एक्शन! CM रेखा गुप्ता ने दी चेतावनी हिमाचल में मौत की खाई! 200 फीट नीचे गिरी कार, 6 युवकों की जान गई! कोर्ट में ₹3 हजार की घूस लेते क्लर्क दबोचा, ACB का बड़ा एक्शन! चंडीगढ़: सेंट जॉन्स हाई स्कूल में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का शानदार आयोजन