द टारगेट न्यूज़:
चंडीगढ़ स्थित विशेष सीबीआई अदालत ने भारतीय राजस्व सेवा (IRS) अधिकारी अमित कुमार सिंगला के खिलाफ दर्ज एक मामले में जब्त किए गए आभूषणों और बुलियन (कीमती धातु) की जांच के लिए सीबीआई की मुंबई शाखा की अर्जी को मंजूरी दे दी है। यह संपत्ति 31 मई 2025 को चंडीगढ़ सीबीआई द्वारा दर्ज एक मामले के तहत चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान जब्त की गई थी।
मुंबई सीबीआई ने कोर्ट में दायर की थी अर्जी
सीबीआई की भ्रष्टाचार निवारण शाखा (ACB) मुंबई के पुलिस उपाधीक्षक (DSP) सुधीर ढांडा ने चंडीगढ़ सीबीआई अदालत के समक्ष यह आवेदन दायर किया था। उन्होंने अदालत को बताया कि मुंबई सीबीआई, चंडीगढ़ सीबीआई एसीबी के मालखाने में रखे जब्त जेवर और बुलियन का निरीक्षण करना चाहती है। यह निरीक्षण मुंबई सीबीआई द्वारा 27 अप्रैल 2026 को दर्ज किए गए एक अलग मामले की निष्पक्ष जांच के सिलसिले में जरूरी है। आवेदन में निरीक्षण की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराने और जांच अधिकारी को जब्त आभूषणों व बुलियन की तस्वीरें लेने की अनुमति देने की भी मांग की गई थी।
दो स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में होगी जांच
दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद सीबीआई कोर्ट चंडीगढ़ के विशेष न्यायाधीश ने माना कि 31 मई 2025 के मामले में जब्त आभूषणों और बुलियन का निरीक्षण, 27 अप्रैल 2026 को दर्ज एफआईआर की निष्पक्ष जांच के लिए आवश्यक है। इसके साथ ही अदालत ने इस याचिका को स्वीकार कर लिया। अदालत ने जांच अधिकारी को दो स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में जब्त जेवर और बुलियन की जांच करने की इजाजत दी है। इसके अलावा अदालत ने निर्देश दिया कि निरीक्षण की पूरी कार्यवाही की वीडियोग्राफी कराई जाए और यदि आगे की जांच के लिए आवश्यकता हो तो जांच अधिकारी को वस्तुओं की तस्वीरें लेने की भी अनुमति दी गई है।
25 लाख रुपये की रिश्वत का है मामला
इस बीच, सीबीआई की चंडीगढ़ शाखा ने एक कथित रिश्वतकांड में गिरफ्तार किए गए आईआरएस अधिकारी अमित कुमार सिंगला और बिचौलिए हर्ष कोटक के खिलाफ सीबीआई अदालत में पहले ही आरोप पत्र (चार्जशीट) दाखिल कर दिया है। बिचौलिए हर्ष कोटक को सीबीआई ने 31 मई 2025 को कारोबारी सनम कपूर से आईआरएस अधिकारी अमित कुमार सिंगला के नाम पर 25 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था। सनम कपूर ‘ला पिनोज पिज्जा’ (La Pino’z Pizza) के फ्रेंचाइजी मालिक और कंपनी के निदेशक हैं। उन्होंने शिकायत दर्ज कराई थी कि आयकर विभाग द्वारा जारी एक नोटिस पर आगे की दंडात्मक कार्रवाई न करने के एवज में आईआरएस अधिकारी अमित कुमार सिंगला ने 45 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। इस शिकायत पर सीबीआई ने जाल बिछाकर आरोपी बिचौलिए को रंगे हाथों पकड़ा था। इस गिरफ्तारी के बाद सीबीआई की टीमों ने अमित सिंगला के दिल्ली और मोहाली स्थित आवासों पर गहन छापेमारी की थी, जहां से भारी मात्रा में संपत्ति और जेवर जब्त किए गए थे।













