लखनऊ। टारगेट न्यूज नेटवर्क
(PGT Recruitment: 4.17 lakh applicants for 2,607 posts!) सरकारी नौकरी का क्रेज एक बार फिर सामने आया है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) की पीजीटी भर्ती के 2,607 पदों के लिए करीब 4.17 लाख आवेदन मिले हैं। यानी हर पद के लिए औसतन 160 उम्मीदवार मैदान में हैं।
आयोग ने 15 सितंबर 2026 को भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया था। इसके तहत बॉयज स्कूलों में 2,329 और गर्ल्स स्कूलों में 278 पद भरे जाएंगे। आवेदन की अंतिम तारीख 21 अक्टूबर और फीस जमा करने की आखिरी तारीख 17 अक्टूबर तय की गई थी। परीक्षा 15 और 16 दिसंबर को आयोजित होनी है।
खास बात यह है कि चार साल बाद हो रही इस भर्ती में पिछली बार के मुकाबले पदों की संख्या चार गुना से अधिक है। इसके बावजूद आवेदनों की संख्या कम बताई जा रही है।
बीएड की अनिवार्यता बनी बड़ी वजह
आवेदनों में कमी की एक प्रमुख वजह बीएड की अनिवार्यता मानी जा रही है। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने पहली बार पीजीटी भर्ती के लिए बीएड को जरूरी किया है। इससे पहले 2022 तक की भर्ती में संबंधित विषय में पोस्ट ग्रेजुएशन करने वाले उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते थे। नए नियम का कई अभ्यर्थियों ने विरोध भी किया था।
इंजीनियर और पीएचडी धारक भी नौकरी की दौड़ में
सरकारी नौकरी के प्रति युवाओं की बढ़ती प्राथमिकता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि भर्ती के लिए इंजीनियरिंग और पीएचडी डिग्री धारकों ने भी आवेदन किया है। बेहतर वेतन और सरकारी नौकरी से मिलने वाली सुविधाएं इसकी बड़ी वजह मानी जा रही हैं।










