Home Chandigarh हिमाचल की कला विरासत का उत्सव! चित्रकार शोभा सिंह की 125वीं जयंती...

हिमाचल की कला विरासत का उत्सव! चित्रकार शोभा सिंह की 125वीं जयंती पर विशेष आयोजन

चंडीगढ़।राजवीर दीक्षित

महान चित्रकार शोभा सिंह की 125वीं जयंती के अवसर पर पंजाब और हिमाचल प्रदेश में सालभर कला, संस्कृति और शिक्षा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। समारोहों की शुरुआत 27 नवंबर को उनके जन्मस्थान गुरदासपुर जिले के श्री हरगोबिंदपुर से होगी, जबकि नवंबर 2027 में उनकी कर्मभूमि अंद्रेटा (हिमाचल प्रदेश) में इनका समापन होगा।

सोभा सिंह मेमोरियल आर्ट सोसायटी (SSMAS), अंद्रेटा की ओर से आयोजित इन कार्यक्रमों की थीम ‘जन्मभूमि से कर्मभूमि तक’ रखी गई है। इसका उद्देश्य महान कलाकार के योगदान को याद करने के साथ नई पीढ़ी को उनकी कला, विचारधारा और मानवीय मूल्यों से परिचित करवाना है।

समारोहों की शुरुआत नवंबर के दूसरे पखवाड़े में बठिंडा में कला उत्सवों के साथ होगी। पेंडू साहित्य सभा, बल्लियांवाली की ओर से स्कूली और कॉलेज विद्यार्थियों के लिए पेंटिंग प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

27 नवंबर को श्री हरगोबिंदपुर में सोसायटी और साहिल-ए-ब्यास सोसायटी के सहयोग से विशेष कार्यक्रम होगा। इसमें धार्मिक समागम के साथ करीब 400 स्कूली विद्यार्थियों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता भी करवाई जाएगी।

पंजाब सरकार के संस्कृति सलाहकार दीपक बाली ने समारोहों के लिए सहयोग का भरोसा दिया है। उन्होंने जालंधर में राज्यस्तरीय कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता भी जताई है। गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी अमृतसर और पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला ने भी विशेष कार्यक्रम करवाने पर सहमति दी है।

इसके अलावा INTACH के पंजाब और हिमाचल प्रदेश चैप्टर विरासत व्याख्यान और हेरिटेज वॉक के माध्यम से आयोजन में सहयोग करेंगे। चंडीगढ़, पंचकूला, लुधियाना, जगराओं, बरनाला, दिल्ली और शिमला में भी व्याख्यान, प्रदर्शनियां, कार्यशालाएं और पेंटिंग प्रतियोगिताएं प्रस्तावित हैं।

सोसायटी की योजना वर्ष 2027 में अंद्रेटा स्थित शोभा सिंह के ऐतिहासिक स्टूडियो में उनकी सिलिकॉन प्रतिमा का अनावरण करने की है। इसके अलावा कला के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कलाकार को सम्मानित करने के लिए ‘शोभा सिंह कला पुरस्कार’ शुरू करने का भी प्रस्ताव है।

सोसायटी ने केंद्र सरकार से कलाकार के सम्मान में स्मारक सिक्का जारी करने और हिमाचल प्रदेश सरकार से सहयोग देने का अनुरोध किया है। उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय और अन्य संस्थाओं से भी संपर्क किया जा रहा है।

सोसायटी के अध्यक्ष केजी बुटेल ने कहा कि यह जयंती समारोह नई पीढ़ी को शोभा सिंह की कला और मानवीय सोच से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि उनका योगदान केवल चित्रों तक सीमित नहीं था, बल्कि उनकी कृतियों में सुंदरता, अच्छाई और मानवीय मूल्यों की झलक मिलती है।

सोसायटी के महासचिव डॉ. हिरदय पाल सिंह ने बताया कि ‘जन्मभूमि से कर्मभूमि तक’ की थीम कलाकार की उस यात्रा को दर्शाती है, जो पंजाब के श्री हरगोबिंदपुर से शुरू होकर हिमाचल के अंद्रेटा तक पहुंची। समारोह में दोनों राज्यों के संस्थानों, कलाकारों, विद्यार्थियों और कला प्रेमियों की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।

शोभा सिंह का जन्म 29 नवंबर 1901 को पंजाब के श्री हरगोबिंदपुर में हुआ था। वह भारत के प्रतिष्ठित चित्रकारों में गिने जाते हैं। देश के विभाजन के बाद उन्होंने हिमाचल प्रदेश के अंद्रेटा को अपनी कर्मभूमि बनाया और वहीं स्टूडियो स्थापित कर कई प्रसिद्ध कलाकृतियां तैयार कीं।

उन्होंने सिख गुरुओं, स्वतंत्रता सेनानियों, दुल्हनों और हिमालयी क्षेत्र के लोगों के यादगार चित्र बनाए। उनकी कला में आध्यात्मिकता, सौंदर्य और मानवीय संवेदनाओं का अनूठा संगम देखने को मिलता है।

Translate »
error: Content is protected !!
BREAKING NEWS
पंजाब के संगरूर में फ्लाईओवर से टकराई पीआरटीसी बस, तीन की मौत और 18 घायल हिमाचल की कला विरासत का उत्सव! चित्रकार शोभा सिंह की 125वीं जयंती पर विशेष आयोजन पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए 12 नवंबर से शुरू होगी ईवीएम और वीवीपैट की पहली जांच पंजाब में शिरोमणि अकाली दल (पुनर सुरजीत) का बड़ा ऐलान, भाजपा और अकाली धड़ों से गठबंधन से इंकार अमृतसर का ऐतिहासिक गांव चीचा: सिख योद्धाओं और मिसलों के काल से जुड़ा है इसका गौरवशाली इतिहास मिशिता और हेताक्ष ने चंडीगढ़ टेबल टेनिस चैंपियनशिप में जीते अंडर-11 खिताब बंभा कलां के दलित सिंह की मौत का मामला: हरसिमरत बादल ने AIIMS की पोस्टमार्टम रिपोर्ट साझा कर ड्रग ओवरडोज का किया दावा पंचकूला में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस: दो लाख बच्चों को मुफ्त दी जाएंगी एलबेंडाजोल की गोलियां जीरकपुर में पशु कार्यकर्ता के साथ मारपीट, पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज जनगणना 2027: हरियाणा में 25 जनवरी से शुरू होगी जनसंख्या गणना