द टारगेट न्यूज़:
बुधवार को पंजाब के संगरूर में एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया, जहां यात्रियों से भरी पीआरटीसी की एक बस अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर से जा टकराई। इस दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई और 18 अन्य घायल हो गए। यह हादसा मुख्यमंत्री भगवंत मान के आवास के पास हुआ। यह बस संगरूर से चंडीगढ़ की ओर जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस सड़क से फिसल गई और पहले फ्लाईओवर को सहारा देने वाले एक खंभे से टकराई और उसके बाद एक पेड़ से जा भिड़ी। हादसे के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस तथा जिला प्रशासन के साथ मिलकर राहत और बचाव कार्य में सहयोग किया। दुर्घटना में घायल हुए 18 लोगों में से 15 गंभीर रूप से घायलों को पटियाला के सरकारी राजिंद्र अस्पताल में रेफर कर दिया गया। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस दर्दनाक हादसे में हुई जानमाल की हानि पर गहरा दुख व्यक्त किया है।













