चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(Amit Shah’s political show of strength in Haryana!) हरियाणा में भाजपा ने अपने बड़े नेताओं के दौरे को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के प्रस्तावित दौरों को लेकर पार्टी संगठन सक्रिय हो गया है। इन कार्यक्रमों के जरिए भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश भरने और जनसंपर्क अभियान को गति देने की तैयारी में है।
रोहतक में नितिन नबीन की पदयात्रा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 1 नवंबर 2026 को हरियाणा दिवस के अवसर पर रोहतक में पार्टी की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में शामिल होंगे। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहेंगे।
नितिन नबीन के दौरे को सफल बनाने के लिए प्रदेश भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने मंगलवार देर शाम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए दक्षिण हरियाणा के कई जिलों के भाजपा विधायकों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए।
करनाल में अमित शाह की पदयात्रा, अंबाला में उद्घाटन
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी भाजपा के जनसंपर्क अभियान ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के तहत करनाल में आयोजित पदयात्रा में शामिल होंगे। इस दौरान हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और अन्य वरिष्ठ नेताओं के मौजूद रहने की बात कही गई है।
इसके अलावा अमित शाह अंबाला छावनी में 1857 की क्रांति के वीरों को समर्पित शहीद स्मारक का उद्घाटन करेंगे। इसे एशिया के सबसे ऊंचे शहीद स्मारकों में से एक बताया गया है। उद्घाटन के बाद वह गांधी मैदान में आयोजित रैली को भी संबोधित करेंगे।
विधायकों के साथ बैठक, तैयारियों को धार
रेवाड़ी से भाजपा विधायक लक्ष्मण यादव के मुताबिक, नितिन नबीन के रोहतक दौरे को लेकर प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की। इसमें रोहतक, झज्जर, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी समेत कई जिलों के विधायक शामिल हुए।
भाजपा इन कार्यक्रमों के जरिए हरियाणा में संगठनात्मक सक्रियता बढ़ाने और कार्यकर्ताओं को एकजुट करने की तैयारी में जुटी है। अब सबकी नजरें रोहतक की पदयात्रा, करनाल के कार्यक्रम और अंबाला में शहीद स्मारक के उद्घाटन पर टिकी हैं।


















