पानीपत। राजवीर दीक्षित
(ASI’s son arrested for allegedly assaulting female secretary) पानीपत की TDI सिटी में RWA विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। महिला सचिव एकता बंसल और उनके परिवार के साथ कथित मारपीट के मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिल्ली पुलिस के ASI पुरुषोत्तम के बेटे कृष (21) और उसके दोस्त दीपांशु (22) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों पर महिला सचिव के घर में घुसकर मारपीट करने के आरोप हैं। वहीं, मामले का मुख्य आरोपी बताए जा रहे दिल्ली पुलिस के ASI पुरुषोत्तम की अभी गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
घर में घुसकर मारपीट का आरोप
परिवार की शिकायत के अनुसार, रविवार सुबह विवाद के बाद पुरुषोत्तम, उसकी पत्नी रीना, बेटा कृष, दीपांशु और कुछ अन्य लोग कथित तौर पर एकता बंसल की पुत्रवधू शिवानी के घर पहुंचे।
आरोप है कि दरवाजा नहीं खोलने पर आरोपी जबरन घर में घुसे और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट शुरू कर दी। शिवानी ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उनके बाल खींचे गए और कपड़े फाड़े गए।
परिवार का यह भी आरोप है कि इसी दौरान उनकी दो साल की बच्ची के साथ भी मारपीट की गई। इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद होगी।
रॉड-डंडों से हमले का आरोप
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पुरुषोत्तम ने लोहे की रॉड से एकता बंसल के सिर और कंधे पर वार किया। वहीं, दीपांशु पर मनन बंसल के साथ डंडों से मारपीट करने का आरोप है।
परिवार के मुताबिक, घर के गेट का शीशा भी तोड़ा गया, जिससे मनन की आंख में कांच के टुकड़े चले गए। परिवार ने घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग होने का भी दावा किया है।
RWA चुनाव से शुरू हुआ विवाद
परिवार के मुताबिक, विवाद की जड़ सितंबर 2025 में हुए TDI सिटी के RWA चुनाव से जुड़ी है। चुनाव में एकता बंसल सचिव चुनी गई थीं, जबकि पड़ोसी पुरुषोत्तम वत्स उनके सामने थे।
परिवार का आरोप है कि चुनाव के बाद से दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। शिकायत में ऑनलाइन सुनवाई के दौरान एकता बंसल के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
ASI समेत 6 लोगों पर केस
पुलिस ने मामले में दिल्ली पुलिस के ASI पुरुषोत्तम, उनकी पत्नी रीना, बेटे कृष समेत छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने BNS की धारा 115, 190, 191(3), 333 और 351(3) के तहत कार्रवाई की है।
दो गिरफ्तार, बाकी की तलाश
डीएसपी हेडक्वार्टर विकास कुमार ने बताया कि पुलिस ने कृष और दीपांशु को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में दोनों का कोई पिछला आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला।
ASI पुरुषोत्तम की गिरफ्तारी को लेकर डीएसपी ने कहा कि मामले की जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस CCTV, वीडियो और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। मामले में बाकी आरोपियों की भूमिका और ASI की गिरफ्तारी पर जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।



















