Home Crime बंद मकान पर महिलाओं की नजर, तिजोरी समेत कैश-जेवर ले उड़ीं

बंद मकान पर महिलाओं की नजर, तिजोरी समेत कैश-जेवर ले उड़ीं

पानीपत। राजवीर दीक्षित 

(Women target locked house; make off with cash and jewelry, including the safe) पानीपत शहर के थाना सिटी क्षेत्र में बंद मकान को निशाना बनाकर चोरी की वारदात सामने आई है। आरोप है कि कूड़ा उठाने वाली 4-5 महिलाओं ने ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और नकदी-जेवर से भरी तिजोरी ही उठाकर ले गईं। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एसडी कॉलेज रोड, अमर भवन चौक निवासी डालचंद ने पुलिस को बताया कि उनके तीन भाई हैं और मकान छोटा होने के कारण सभी अलग-अलग जगह रहते हैं। मकान में उनकी बुजुर्ग मां रहती थीं, लेकिन बीमारी के चलते करीब दो महीने पहले वह मां को अपने साथ किराए के मकान में ले गए थे। इसके बाद पुराना मकान बंद पड़ा था।

सुबह-सुबह टूटा ताला

शिकायत के मुताबिक, 26 सितंबर की सुबह करीब 6:13 से 7 बजे के बीच 4-5 महिलाएं कथित तौर पर बंद मकान के पास पहुंचीं। आरोप है कि उन्होंने मकान का ताला तोड़ा और अंदर दाखिल हो गईं।

इसके बाद घर के तीनों कमरों को खंगाला गया।

तिजोरी ही उठाकर ले गईं

परिवार का आरोप है कि महिलाओं ने घर में रखी पूरी तिजोरी ही उठा ली। तिजोरी में बुजुर्ग मां की पेंशन से जमा किए गए करीब 1 लाख रुपये नकद और कीमती सोने के जेवर रखे थे।

इसके अलावा रसोई से दो गैस सिलेंडर और अन्य घरेलू सामान भी ले जाने का आरोप है।

CCTV में कैद हुई वारदात?

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस का प्रयास है कि फुटेज के जरिए संदिग्ध महिलाओं की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।

पुलिस ने शुरू की जांच

सिटी थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात महिलाओं के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार के अनुसार, पुलिस टीम ने मौके का निरीक्षण किया है और आसपास के CCTV फुटेज की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बंद मकान को निशाना बनाकर तिजोरी तक उठा ले जाने की इस वारदात ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब CCTV फुटेज से यह साफ होने की उम्मीद है कि वारदात में कौन-कौन शामिल था।

Translate »
error: Content is protected !!