Home accident कुल्लू में बस हादसा टला, ड्राइवर की तत्परता से 46 यात्रियों की...

कुल्लू में बस हादसा टला, ड्राइवर की तत्परता से 46 यात्रियों की बची जान

कुल्लू । राजवीर दीक्षित 

(Bus accident averted in Kullu; 46 passengers’ lives saved thanks to driver’s quick thinking)भेखली के पास शुक्रवार को HRTC बस के ब्रेक अचानक फेल हो गए। बस में 35 महिलाओं समेत कुल 46 यात्री सवार थे। रक्षाबंधन त्योहार के कारण महिला यात्रियों की संख्या अधिक थी।कुछ पल के लिए यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन चालक की समझदारी और सूझबूझ से बस को सुरक्षित रोक लिया गया। सभी यात्रियों ने राहत की सांस ली।

ब्यासड़ से कुल्लू जा रही HRTC बस में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब खड़ी ढलान पर अचानक ब्रेक फेल हो गए। बस बेकाबू होकर आगे बढ़ने लगी और खाई में गिरने का खतरा पैदा हो गया। हालात की गंभीरता को समझते हुए ड्राइवर ने तुरंत फैसला लिया और बस को जान-बूझकर पहाड़ी से टकरा दिया। ड्राइवर की इस सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया और कई यात्रियों की जान बच गई।

यह घटना दोपहर करीब 12 बजे भेखली के पास कटाहर गांव के नजदीक हुई।बस पहाड़ी से टकराकर रुक गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। DDMA की रिपोर्ट के अनुसार, हादसे में चार यात्रियों को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें कुल्लू के रीजनल हॉस्पिटल ले जाया गया। 16 अन्य यात्रियों को पहले पास की डिस्पेंसरी में प्राथमिक उपचार दिया गया और बाद में रीजनल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। वहीं, 26 यात्रियों को मामूली चोटें आईं या वे पूरी तरह सुरक्षित रहे।

हादसे की जानकारी सबसे पहले कटाहर निवासी प्रीतम ने अधिकारियों तक पहुंचाई। सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और इमरजेंसी टीम ने घटनास्थल की ओर एंबुलेंस रवाना कर दी। कुल्लू पुलिस को भी तुरंत मामले की सूचना दी गई।

HRTC बस स्टैंड के इंचार्ज खूब राम के मुताबिक, हादसे की मुख्य वजह बस के ब्रेक फेल होना सामने आई है। हालांकि, ब्रेक फेल होने के पीछे आखिर तकनीकी खामी क्या थी, इसका पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।

कुल्लू DDMA ने अपने आधिकारिक बयान में कहा है कि मामले में आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। इस बीच ड्राइवर की समझदारी की जमकर तारीफ हो रही है। मुश्किल हालात में ड्राइवर ने बस को खाई में जाने देने के बजाय पहाड़ी से टकराने का जोखिम उठाया। उसकी इस सूझबूझ ने संभावित रूप से बड़े नुकसान को रोकने में अहम भूमिका निभाई।

Translate »
error: Content is protected !!