ऊना | राजवीर दीक्षित
(Deputy CM Mukesh Agnihotri, Late Wife Targeted in Alleged Objectionable Post; Police Take Major Action, Accused Arrested.) हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक और निराधार पोस्ट साझा करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। मामला हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और उनकी दिवंगत पत्नी सिम्मी अग्निहोत्री से जुड़ी कथित मानहानिकारक फेसबुक पोस्ट का है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रोहित कटवाल के खिलाफ मामला दर्ज किया और उसे शनिवार-रविवार की मध्यरात्रि हिरासत में लेने के बाद रविवार देर शाम अदालत में पेश किया गया।
शिकायतकर्ता संदीप कुमार ने आरोप लगाया कि आरोपी ने अपने फेसबुक पेज पर बिना किसी आधिकारिक तथ्य, साक्ष्य या प्रमाण के उपमुख्यमंत्री के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए पोस्ट साझा की। शिकायत में यह भी कहा गया है कि पोस्ट में उपमुख्यमंत्री की दिवंगत पत्नी के संबंध में भी कथित रूप से अपमानजनक और असत्य टिप्पणियां की गईं, जिससे उनके परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने का प्रयास हुआ।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी है। एसपी ऊना सचिन हिरेमठ ने बताया कि संबंधित फेसबुक पोस्ट, डिजिटल साक्ष्यों और अन्य तकनीकी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर साइबर विशेषज्ञों की भी सहायता ली जाएगी ताकि पोस्ट के स्रोत, उसकी सत्यता और उससे जुड़े सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच की जा सके। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह मामला एक बार फिर याद दिलाता है कि सोशल मीडिया पर अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के साथ जिम्मेदारी भी जुड़ी होती है। किसी भी व्यक्ति, सार्वजनिक पदाधिकारी या उनके परिवार के बारे में बिना प्रमाण आपत्तिजनक या मानहानिकारक सामग्री साझा करना कानूनन गंभीर परिणाम ला सकता है।
‘द टारगेट न्यूज़’ अपने दर्शकों से अपील करता है कि सोशल मीडिया पर किसी भी जानकारी को साझा करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांचें। अफवाहों, अपुष्ट दावों और मानहानिकारक सामग्री से बचें तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म का जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ उपयोग करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की निष्पक्ष जांच जारी है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



















