शिमला । राजवीर दीक्षित
CM Sukhu on Delhi visit, accompanied by MLA Sundar Thakur… Buzz intensifies regarding cabinet expansion) मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू सोमवार को विधायक सुंदर सिंह ठाकुर को साथ लेकर सड़क मार्ग से नई दिल्ली के लिए रवाना हो गए। दरअसल, हिमाचल में हो रही मूसलाधार बारिश के कारण मुख्यमंत्री के हेलिकॉप्टर को उड़ान भरने की अनुमति नहीं मिल सकी, जिसके बाद उन्हें सड़क मार्ग से दिल्ली जाना पड़ा। मुख्यमंत्री मंगलवार को दिल्ली में होने वाली कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में शामिल होंगे। इस बैठक में कांग्रेस की आगामी रणनीति और पार्टी से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
वहीं, अब हिमाचल की सियासत में सबसे ज्यादा नजरें कैबिनेट विस्तार पर टिकी हुई हैं। मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे के बीच कैबिनेट में संभावित फेरबदल और नए चेहरों को जगह मिलने को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
उधर, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर भी नई दिल्ली पहुंच गए हैं। हालांकि रोहित ठाकुर कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में शामिल नहीं होंगे, लेकिन दिल्ली में उनकी कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के साथ महत्वपूर्ण मुलाकात होगी। ऐसे में मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री के एक साथ दिल्ली में मौजूद होने से हिमाचल की राजनीतिक गतिविधियों को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री मंगलवार को कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में पार्टी की रणनीति पर चर्चा करेंगे।
दिल्ली में कांग्रेस का महामंथन, SIR से चुनावी रणनीति तक कई मुद्दों पर होगी चर्चा
नई दिल्ली में होने वाली कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में हिमाचल समेत आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर पार्टी की रणनीति पर गहन मंथन होगा। बैठक में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर कांग्रेस के रुख, मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR और चुनाव आयोग से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
बैठक में पार्टी के आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों और चुनावी तैयारियों को लेकर भी रणनीति तैयार की जाएगी। कांग्रेस की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह भी बैठक में शामिल होने के लिए नई दिल्ली रवाना हो चुकी हैं।
वहीं, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का दिल्ली दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब हिमाचल प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर सियासी चर्चाएं तेज हैं। कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की पैरवी मुख्यमंत्री स्वयं कर रहे हैं। ऐसे में दिल्ली दौरे को राजनीतिक और संगठनात्मक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है।
हिमाचल कांग्रेस में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर खींचतान! सामाजिक-क्षेत्रीय संतुलन पर उठे सवाल
कांग्रेस के भीतर संभावित मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर अंदरूनी चर्चाएं तेज हो गई हैं। पार्टी के एक खेमे ने केंद्रीय नेतृत्व के सामने सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन का मुद्दा उठाया है। इस खेमे का तर्क है कि अगर सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्री बनाया जाता है, तो मुख्यमंत्री समेत राजपूत समुदाय से आने वाले मंत्रियों की संख्या सात हो जाएगी।
ऐसे में पार्टी के भीतर अन्य सामाजिक वर्गों को भी प्रतिनिधित्व देने की मांग जोर पकड़ रही है। खासतौर पर व्यवसायी वर्ग को मंत्रिमंडल में जगह देने की पैरवी की जा रही है।
इसी कड़ी में पालमपुर से विधायक आशीष बुटेल के नाम को आगे बढ़ाए जाने की चर्चा है। पार्टी के एक वर्ग का मानना है कि उन्हें मंत्री बनाए जाने से सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधने में मदद मिल सकती है।
मंत्रिमंडल विस्तार सिर्फ नए चेहरों की एंट्री तक सीमित रहेगा या पुराने चेहरों में भी बदलाव होगा? इसको लेकर अब सियासी गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।



















