चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(“Army Truck Crushes Class 5 Student “) पंजाब के जालंधर कैंट से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां स्कूल की छुट्टी के बाद बस का इंतजार कर रही 5वीं कक्षा की मासूम छात्रा की दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। यह हादसा केंद्रीय विद्यालय-3 (KV-3) के बाहर उस समय हुआ, जब छात्रा अपनी सहेलियों के साथ स्कूल बस का इंतजार कर रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उसी दौरान वहां से गुजर रहे आर्मी के एक ट्रक ने यू-टर्न लेना शुरू किया और बच्ची उसकी चपेट में आ गई।
बताया जा रहा है कि ट्रक का पहिया छात्रा के सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और सेना के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक छात्रा की पहचान पायल के रूप में हुई है, जो स्कूल की छुट्टी के बाद अपने घर जाने के लिए बस का इंतजार कर रही थी। हादसे की खबर मिलते ही उसके परिवार में मातम छा गया। पिता अपनी बेटी का शव देखकर बेसुध हो गए और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
फिलहाल जालंधर कैंट थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि परिवार के बयान दर्ज किए जाने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, हादसे ने स्कूलों के बाहर बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था और भारी वाहनों की आवाजाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह घटना एक बार फिर याद दिलाती है कि स्कूल क्षेत्रों में ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन और सुरक्षा इंतजाम बेहद जरूरी हैं, ताकि भविष्य में किसी मासूम की जान इस तरह न जाए।



















