द टारगेट न्यूज़:
जीरकपुर पुलिस ने अल्ट्राटेक सीमेंट के नाम पर नकली सीमेंट बनाने और बेचने वाले एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 19 नवंबर को दयालपुरा स्थित कार्यालय से दीपक सिंगला नामक एक आरोपी को गिरफ्तार किया है और उसके पास से 500 कट्टे नकली सीमेंट, एक ट्रक तथा दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त की हैं। आरोपी की पहचान सेक्टर 77 निवासी दीपक सिंगला के रूप में हुई है, जिसके साथ अन्य अज्ञात लोग भी शामिल हैं। कोलकाता की ब्लूआई इंटेलिजेंस सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड में सीनियर मैनेजर के रूप में काम करने वाले शिकायतकर्ता संजय शर्मा ने बताया कि उन्हें अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड द्वारा उन लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के लिए नियुक्त किया गया है जो कंपनी के नाम पर नकली सीमेंट का निर्माण और बिक्री कर रहे हैं। 19 नवंबर को उन्हें सूचना मिली थी कि खुशी ट्रेडिंग कंपनी का मालिक दीपक सिंगला अपने साथियों के साथ मिलकर बाजार में नकली सीमेंट की सप्लाई कर रहा है। कंपनी के प्रबंधकों और पुलिस दल की एक संयुक्त टीम एरोविस्टा दयालपुरा के पास कंपनी के कार्यालय पहुंची, जहां दीपक मौजूद मिला। एक ट्रक और दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में नकली अल्ट्राटेक सीमेंट के कट्टे लदे हुए पाए गए। जांच करने पर वाहनों और परिसर से कुल 500 कट्टे नकली सीमेंट बरामद किए गए, जिन्हें पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। जीरकपुर पुलिस स्टेशन में BNS और कॉपीराइट एक्ट की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।













