मंडी।राजवीर दीक्षित
जंगलों में वन्यजीवों की घटती-बढ़ती आबादी और शिकारी-पशु के बीच संतुलन को समझना अब आसान हो सकता है। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) मंडी के शोधकर्ताओं ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर आधारित एक नया गणितीय मॉडल विकसित किया है, जो वन्यजीवों की आबादी में होने वाले बदलावों का अनुमान लगा सकता है। यह मॉडल सीमित, अनियमित और अनिश्चित आंकड़ों के आधार पर भी अगले पांच वर्षों तक वन्यजीवों की संख्या में संभावित उतार-चढ़ाव का पूर्वानुमान दे सकता है।
इस शोध से वन्यजीव संरक्षण, पर्यावरण अध्ययन और जंगलों के पारिस्थितिकी तंत्र को समझने में मदद मिलने की उम्मीद है। इससे वैज्ञानिक यह जान सकेंगे कि किसी एक प्रजाति की आबादी में बदलाव का दूसरी प्रजातियों और पूरे प्राकृतिक संतुलन पर क्या असर पड़ सकता है।
यह अध्ययन अमेरिका के मिशिगन स्थित आइल रॉयल नेशनल पार्क के भेड़ियों और मूस (एक प्रकार का बड़ा हिरण) की आबादी के लंबे रिकॉर्ड पर आधारित है। सुपीरियर झील में स्थित 544 वर्ग किलोमीटर के इस द्वीप पर भेड़िये मूस के प्रमुख प्राकृतिक शिकारी हैं। सर्दियों में भेड़ियों के भोजन का करीब 90 प्रतिशत हिस्सा मूस होता है।
इस पार्क में दोनों प्रजातियों की आबादी पर वर्ष 1959 से हर साल नजर रखी जा रही है। यह दुनिया के सबसे लंबे समय तक दर्ज किए गए शिकारी और शिकार के संबंधों वाले रिकॉर्ड में से एक है।
शोध के अनुसार, 1980 के दशक की शुरुआत में बीमारी फैलने के बाद भेड़ियों की संख्या में तेज गिरावट आई थी। वहीं, 1990 के दशक के मध्य में मूस की आबादी में भी बड़ी कमी दर्ज की गई। इन बदलावों से पता चलता है कि एक प्रजाति की संख्या में गिरावट पूरे पारिस्थितिकी तंत्र को प्रभावित कर सकती है।
यह शोध IIT मंडी के स्कूल ऑफ मैथमेटिकल एंड स्टैटिस्टिकल साइंसेज की प्रोफेसर डॉ. नीतू कुमारी और उनके पीएचडी शोधार्थी अनुराग सिंह ने किया है।
शोधकर्ताओं ने ऐसा गणितीय ढांचा तैयार किया है, जो पुराने आंकड़ों का विश्लेषण कर मूस की प्रजनन दर, भेड़ियों की आबादी में प्राकृतिक बदलाव और शिकार के कारण शिकार बनने वाली प्रजातियों की संख्या पर पड़ने वाले प्रभाव का आकलन करता है। इन अनुमानों के आधार पर मॉडल पांच साल तक के संभावित रुझानों का पूर्वानुमान दे सकता है।
मॉडल की सटीकता जांचने के लिए शोधकर्ताओं ने भेड़ियों के शिकार करने के तरीके को समझने के दो अलग-अलग तरीकों का परीक्षण किया। अध्ययन में पाया गया कि शिकारी और शिकार की आबादी के आपसी संबंध पर आधारित मॉडल ने दूसरे तरीके की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया। यह मॉडल पुराने आंकड़ों में असामान्य रूप से आबादी घटने की अवधि की पहचान करने में भी सफल रहा।
शोधकर्ताओं ने 2020 से 2024 के आंकड़ों के आधार पर भी मॉडल की क्षमता जांची। मॉडल ने भेड़ियों की संख्या बढ़ने और मूस की आबादी घटने का अनुमान लगाया, जो पार्क में बाद में देखे गए रुझानों से व्यापक रूप से मेल खाता था।
प्रोफेसर नीतू कुमारी के अनुसार, उनकी जानकारी में यह पहला अध्ययन है, जिसमें शिकारी और शिकार की आबादी में उतार-चढ़ाव का अध्ययन करने के लिए फिजिक्स-इन्फॉर्म्ड न्यूरल नेटवर्क और ट्रांसफर लर्निंग को मिलाकर सेल्फ-अडैप्टिव गणितीय मॉडलिंग फ्रेमवर्क का इस्तेमाल किया गया है।
यह शोध दिखाता है कि AI और गणित की मदद से पर्यावरण से जुड़े अधूरे और अनिश्चित आंकड़ों का भी प्रभावी विश्लेषण किया जा सकता है। इससे भविष्य में वन्यजीवों की निगरानी, संरक्षण योजनाओं और पारिस्थितिकी तंत्र के अध्ययन को नई दिशा मिल सकती है।
IIT मंडी की यह उपलब्धि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, गणित और पर्यावरण विज्ञान के संयुक्त इस्तेमाल से जटिल प्राकृतिक चुनौतियों का समाधान तलाशने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।













