Home Punjab ब्लैकमेल गैंग का पर्दाफाश, 28 आरोपी गिरफ्तार

ब्लैकमेल गैंग का पर्दाफाश, 28 आरोपी गिरफ्तार

बठिंडा । राजवीर दीक्षित

(Blackmail Gang Busted, 28 Arrested in Major Police Action) पंजाब के बठिंडा में पुलिस ने एक ऐसे कथित गिरोह का पर्दाफाश करने का दावा किया है, जो महिलाओं की मदद से लोगों को होटल या सुनसान जगहों पर बुलाकर ब्लैकमेल और कथित तौर पर वसूली करता था। पुलिस के मुताबिक इस मामले में कुल 28 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 23 महिलाएं शामिल हैं। गिरफ्तार किए गए अधिकांश आरोपी बठिंडा के रहने वाले हैं, जबकि कुछ आरोपी संगरूर, मोगा और लुधियाना से बताए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार गिरोह के सदस्य खासकर रात के समय लोगों को अपना निशाना बनाते थे। कथित तौर पर गिरोह की महिलाएं राह चलते लोगों से लिफ्ट मांगती थीं और इसके बाद उनसे दोस्ती करती थीं। पुलिस का आरोप है कि बाद में उन्हें किसी होटल या सुनसान स्थान पर ले जाया जाता था, जहां गिरोह के अन्य सदस्य पहले से मौजूद रहते थे।
पुलिस ने दावा किया कि वहां पीड़ितों को डराया-धमकाया जाता था और उनके आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड किए जाते थे। इसके बाद वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर कथित तौर पर पैसे की मांग की जाती थी। इस तरीके से गिरोह लोगों से जबरन वसूली करता था।

कोतवाली थाना प्रभारी इंस्पेक्टर यदविंदर सिंह के मुताबिक शुक्रवार को रेलवे स्टेशन के पास पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कुछ पुरुष और महिलाएं लोगों को कथित तौर पर अपने जाल में फंसाकर उनका सामान छीनने और ब्लैकमेल कर पैसे वसूलने का काम कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में से एक के खिलाफ पहले से 10 मामले दर्ज हैं। वहीं करीब 10 महिला आरोपियों के खिलाफ भी पूर्व में एक या दो मामले दर्ज होने की बात सामने आई है। पुलिस ने यह भी दावा किया कि कुछ आरोपी नशे के आदी हैं।

मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 304(2), 111, 190 और 191(3) के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गिरोह ने कितने लोगों को अपना निशाना बनाया था।

जांच के दौरान पुलिस उन होटलों की भी जांच कर रही है, जो कथित तौर पर बिना उचित अनुमति या अधिकृत दस्तावेजों के संचालित किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ मामले में और खुलासे हो सकते हैं।

Translate »
error: Content is protected !!