पंचकूला। राजवीर दीक्षित
(Haryana ranks number 1 in the Karmayogi rankings, clinching the top spot with a score of 60.72.) सरकारी कर्मचारियों की क्षमता निर्माण और ऑनलाइन ट्रेनिंग के मामले में हरियाणा ने देशभर में शीर्ष स्थान हासिल किया है। iGOT कर्मयोगी प्लेटफॉर्म की ताजा राज्य रैंकिंग में हरियाणा कैटेगरी-B (1 लाख से 5 लाख कर्मचारी) में पहले स्थान पर रहा। हरियाणा का कंपोजिट स्कोर 60.72 बताया गया है। राज्य सरकार के रिकॉर्ड में भी iGOT कर्मयोगी की राज्य रैंकिंग संबंधी आदेश दर्ज है।
कर्नाटक-तेलंगाना पीछे
रैंकिंग में कर्नाटक का स्कोर 60.47 और तेलंगाना का 60.39 बताया गया है। इसके बाद हरियाणा सरकार ने अधिकारियों को iGOT प्लेटफॉर्म पर प्रशिक्षण और कर्मचारियों की ऑनबोर्डिंग को लेकर जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
30 सितंबर तक फ्रंटलाइन कर्मचारियों की गिनती
राज्य में सभी फ्रंटलाइन कर्मचारियों को iGOT कर्मयोगी प्लेटफॉर्म से जोड़ने और 30 सितंबर 2026 तक उनकी कुल संख्या की पुष्टि करने को कहा गया है।
हर महीने 1 घंटे की ट्रेनिंग
सरकारी कर्मचारियों को लगातार स्किल अपग्रेड करने के लिए iGOT पर हर महीने कम से कम एक घंटे का कोर्स या प्रशिक्षण पूरा करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
हिंदी में तैयार होंगे लोकल कोर्स
हरियाणा लोक प्रशासन संस्थान (HIPA/ATI) के सहयोग से राज्य की योजनाओं, नीतियों, नियमों और मिशनों से जुड़े डोमेन कोर्स हिंदी/क्षेत्रीय भाषा में तैयार किए जाएंगे। हाल ही में Capacity Building Commission ने HIPA के साथ मिलकर राज्य के विभागों के लिए क्षमता निर्माण योजना पर कार्यशाला भी आयोजित की थी।
AI से साइबर सिक्योरिटी तक ट्रेनिंग
iGOT कर्मयोगी का उद्देश्य सरकारी कर्मचारियों को किसी भी समय और किसी भी डिवाइस से ऑनलाइन प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है। प्लेटफॉर्म पर AI, साइबर सुरक्षा, डेटा और अन्य आधुनिक विषयों से जुड़े कोर्स उपलब्ध हैं।
यानी अब रैंकिंग के बाद अगला फोकस—हर फ्रंटलाइन कर्मचारी को डिजिटल ट्रेनिंग से जोड़ना और लगातार स्किल अपग्रेड कराना है।



















