द टारगेट न्यूज़:
पंजाब के गुरदासपुर में रविवार देर रात हेड कांस्टेबल विनोद कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। एसएसपी आदित्य ने बताया कि विनोद कुमार संगरूर में ट्रेनिंग पूरी कर वापस लौट रहे थे और नए बस स्टैंड के पास उन्होंने लिफ्ट मांगी थी। बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें बीच में बैठाया और मान-कौर गांव बाईपास के पास उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। विनोद कुमार अपने गांव पंडोरी जा रहे थे। इस घटना के बाद पूरे इलाके में नाकेबंदी कर दी गई है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मृतक के परिवार को एक करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है, जबकि एचडीएफसी बैंक की ओर से भी एक करोड़ रुपये की सहायता दी जाएगी। पंजाब में पिछले कुछ समय से पुलिसकर्मियों को निशाना बनाने की घटनाएं बढ़ी हैं। अक्टूबर में तरनतारन में एएसआई इकबाल सिंह की हत्या कर दी गई थी, जबकि अमृतसर में एएसआई सुखचैन सिंह पर भी जानलेवा हमला हुआ था। सितंबर में अमृतसर के गेट हकीमा इलाके में एएसआई हरजीत सिंह की ड्यूटी के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। राज्य में नार्को-टेरर और सीमा पार से मिल रही धमकियों के बीच पुलिस पर हो रहे इन हमलों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।













