द टारगेट न्यूज़:
पंचकूला के एक नाइटक्लब में हुई फायरिंग की घटना की जांच ने हरियाणा पुलिस को एक बड़े अंतरराष्ट्रीय नार्को-टेरर नेटवर्क तक पहुंचा दिया है। हरियाणा एंटी-टेरर स्क्वाड (ATS) ने इस मामले में पंजाब से दो और वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसके बाद कुल गिरफ्तारियों की संख्या नौ हो गई है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान बलविंदर सिंह उर्फ छंकू और सुखविंदर सिंह उर्फ सोनू के रूप में हुई है, जिन पर क्रमशः 50,000 और 10,000 रुपये का इनाम घोषित था। ये दोनों आरोपी अपनी पहचान और ठिकाने बदलकर पुलिस से बच रहे थे। एटीएस के एसपी कुलदीप सिंह ने बताया कि अंबाला की स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) टीम ने खुफिया इनपुट के आधार पर इन्हें पकड़ा है। अदालत ने दोनों को पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है। जांच में खुलासा हुआ है कि यह नेटवर्क अमेरिका में बैठे हैंडलर्स द्वारा संचालित किया जा रहा था, जो ड्रोन के जरिए सीमा पार से हथियार और नशीले पदार्थ मंगवाते थे। स्थानीय स्तर पर इन लोगों को वाहन, आवास और वित्तीय सहायता मुहैया कराई जाती थी। पुलिस ने अब तक 529 ग्राम हेरोइन, दो अवैध पिस्तौल, 11 कारतूस, तीन लग्जरी गाड़ियां और ड्रग मनी गिनने वाली तीन मशीनें बरामद की हैं। 13 सितंबर को पंचकूला के अलिफ लैला क्लब में हुई फायरिंग के बाद शुरू हुई यह जांच अब एक बड़े अंतरराष्ट्रीय रैकेट की परतें खोल रही है। एटीएस अब आरोपियों के मोबाइल और तकनीकी साक्ष्यों के जरिए विदेशी कनेक्शन और फंडिंग के स्रोतों की गहन जांच कर रही है।













