Home Chandigarh नंगल में भाजपा की ‘पोल खोल पद यात्रा’ की तैयारी तेज, कांग्रेस-आप...

नंगल में भाजपा की ‘पोल खोल पद यात्रा’ की तैयारी तेज, कांग्रेस-आप सरकार पर साधा निशाना

नंगल । राजवीर दीक्षित

(Preparations Intensify for BJP’s ‘Pol Khol Pad Yatra’ in Nangal, Targets Congress-AAP Government)श्री आनंदपुर साहिब विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित की जा रही सात दिवसीय ‘पोल खोल पद यात्रा’ को लेकर मंगलवार को नंगल में एक अहम बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में यात्रा की विस्तृत रूपरेखा तय की गई और जनहित से जुड़े मुद्दों को घर-घर तक पहुंचाने की रणनीति बनाई गई।

बैठक को संबोधित करते हुए पंजाब भाजपा के उप प्रधान डा. सुभाष शर्मा ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी की सरकारों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि दोनों ही सरकारों के कार्यकाल में क्षेत्र के विकास कार्यों की लगातार अनदेखी की गई, जिससे आम जनता को बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अब भाजपा ‘पोल खोल पद यात्रा’ के माध्यम से जनता को सच्चाई से अवगत कराएगी।

डा. शर्मा ने आरोप लगाया कि पिछले चार वर्षों में नंगल क्षेत्र में अपेक्षित विकास नहीं हुआ। शहर में पेयजल, सीवरेज, सफाई व्यवस्था और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाएं प्रभावित हुई हैं। उन्होंने नगर कौंसिल में पूर्व कांग्रेस नेतृत्व और वर्तमान पंजाब सरकार को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये के बजट के बावजूद क्षेत्र की आर्थिक और विकासात्मक स्थिति में सुधार नहीं हो पाया।

उन्होंने आगे कहा कि यदि पूर्व में सामने आए मामलों और घोटालों की निष्पक्ष जांच होती, तो भ्रष्टाचार में शामिल लोगों को उजागर कर नंगल को एक मॉडल सिटी बनाया जा सकता था। भाजपा इस पद यात्रा के माध्यम से इन सभी मुद्दों को जनता के सामने रखेगी और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं व पारदर्शी शासन की जानकारी भी देगी।

डा. शर्मा ने लोगों से भाजपा का समर्थन करने की अपील करते हुए कहा कि जनभागीदारी से ही श्री आनंदपुर साहिब क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिल सकती है। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार की नीतियों के सहयोग से क्षेत्र को आर्थिक रूप से सशक्त बनाकर बेरोजगारी की समस्या को कम किया जा सकता है।

बैठक में नंगल नगर कौंसिल के पूर्व प्रधान राकेश शर्मा पिंकी, जितेंद्र सिंह अठवाल, सपना गोयल, बबली चांदला, रमन शर्मा, हरमनजीत प्रिंस, ठेकेदार विनोद शर्मा, ट्रेड यूनियन नेता हरपाल राणा,विवेक शर्मा, श्याम सुंदर रंगा और राजेश गोयल सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Translate »
error: Content is protected !!