Home Nangal News नंगल की गली में तेंदुए की दस्तक! रात में बेखौफ घूमता दिखा...

नंगल की गली में तेंदुए की दस्तक! रात में बेखौफ घूमता दिखा Leopard, दहशत में लोग

नंगल की गली में तेंदुए की दस्तक! रात में बेखौफ घूमता दिखा Leopard, दहशत में लोग

नंगल, पंजाब। राजवीर दीक्षित

मौसम में बदलाव के साथ पहाड़ी क्षेत्रों से जंगली जानवरों की रिहायशी इलाकों की ओर आवाजाही की खबरें सामने आने लगी हैं। हिमाचल प्रदेश और पंजाब की सीमा पर स्थित नंगल शहर में बीती देर रात एक तेंदुआ दिखाई देने के बाद इलाके के लोगों में डर का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, नंगल शहर के वार्ड नंबर-1 में देर रात एक तेंदुआ गली में घूमता हुआ दिखाई दिया। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें तेंदुआ रिहायशी इलाके की गली में बेखौफ घूमता नजर आ रहा है। तेंदुए की मौजूदगी से स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है।
भाखड़ा बांध से सटी पहाड़ियों के नजदीक बसे इस क्षेत्र में जंगली जानवरों की आवाजाही को लेकर लोगों की चिंताएं बढ़ रही हैं। हालांकि, तेंदुए के शहर में पहुंचने के सटीक कारणों की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन रिहायशी इलाके में उसकी मौजूदगी सुरक्षा के लिहाज से गंभीर चिंता का विषय है।
इस मामले की सूचना वन विभाग को दिए जाने की बात सामने आई है। वहीं, विभाग के पास संसाधनों की कमी होने की बात को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। ऐसे में स्थानीय लोग यह जानना चाहते हैं कि जंगली जानवरों की शहर में आमद को रोकने और किसी संभावित हादसे से बचने के लिए प्रशासन की ओर से क्या कदम उठाए जाएंगे।
बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं की सुरक्षा अहम
तेंदुए की मौजूदगी को देखते हुए लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। बच्चों को अकेले बाहर न जाने दें और रात के समय सुनसान गलियों में निकलने से बचें। यदि तेंदुआ दिखाई दे, तो उसके करीब जाने, उसका पीछा करने या उसे घेरने की कोशिश न करें। तुरंत वन विभाग और स्थानीय प्रशासन को सूचना दें।
अब सवाल यह है कि क्या वन विभाग और प्रशासन समय रहते उचित कदम उठाएंगे, ताकि नंगल के लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके?

Translate »
error: Content is protected !!