द टारगेट वेब डेस्क
(‘Gas Pipeline Burst! Massive Explosion Leaves 4 Burned, Panic Grips “) मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब खुदाई के दौरान भूमिगत गैस पाइपलाइन फटने से जोरदार धमाका हो गया। यह हादसा शहर के विजय नगर थाना क्षेत्र के साजन नगर कॉलोनी में हुआ, जहां ट्यूबवेल की खुदाई का काम चल रहा था। जानकारी के अनुसार, ड्रिलिंग मशीन अचानक अवंतिका गैस की भूमिगत पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) लाइन से टकरा गई, जिसके बाद तेज धमाका हुआ और देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं।
धमाके के समय आसपास मौजूद लोग और राहगीर इसकी चपेट में आ गए। इस हादसे में एक महिला समेत चार लोग झुलस गए हैं। घायलों में तीन पुरुष और एक महिला शामिल हैं, जिन्हें तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि महिला करीब 20 प्रतिशत तक झुलस गई है, जबकि अन्य घायलों को अपेक्षाकृत मामूली चोटें आई हैं। घायल लोगों में एक मैकेनिक भी शामिल है, जिसके हाथ में चोट लगी है।
धमाके की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मौके पर खड़े दो वाहन भी आग की चपेट में आकर बुरी तरह जल गए। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। अधिकारियों ने तुरंत पीएनजी लाइन का वाल्व बंद कर गैस रिसाव को रोका, जिससे स्थिति को और बिगड़ने से बचाया जा सका।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि खुदाई से पहले सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। इस घटना ने एक बार फिर भूमिगत गैस लाइनों के आसपास होने वाले निर्माण और खुदाई कार्यों में सावधानी बरतने की जरूरत को उजागर कर दिया है।



















