Home accident बाबा बालकनाथ से लौट रहे पंजाब के श्रद्धालुओं की बस पलटी, 2...

बाबा बालकनाथ से लौट रहे पंजाब के श्रद्धालुओं की बस पलटी, 2 की मौत, कई घायल; शाहतलाई में मचा हड़कंप

शाहतलाई | राजवीर दीक्षित

(Pilgrim Bus Overturns Near Shahtalai While Returning from Baba Balak Nath Shrine; 2 Dead, Several Injured) हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के शाहतलाई के पास रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने श्रद्धालुओं की खुशियों को मातम में बदल दिया। बाबा बालकनाथ जी के दर्शन कर अमृतसर लौट रही श्रद्धालुओं से भरी बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस भीषण हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार PB-03BJ-9755 नंबर की बस पंजाब के अमृतसर से श्रद्धालुओं को बाबा बालकनाथ जी के दर्शन करवाने शाहतलाई आई थी। दर्शन के बाद लौटते समय चालक अचानक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे बस सड़क पर पलट गई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस थाना तलाई, स्थानीय प्रशासन, टैक्सी यूनियन के सदस्य और आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। सभी ने मिलकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर निजी वाहनों व एंबुलेंस की मदद से विभिन्न अस्पतालों में पहुंचाया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के समय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहतलाई में तत्काल इलाज की पर्याप्त सुविधा उपलब्ध नहीं थी, जिसके कारण घायलों को अन्य अस्पतालों में रेफर करना पड़ा।

जिला बिलासपुर के उपायुक्त राहुल कुमार ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना में दो लोगों की मौत हुई है। सभी घायलों का इलाज जारी है, जबकि पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। इस हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी मार्गों पर सुरक्षित ड्राइविंग और सतर्कता की आवश्यकता को उजागर कर दिया।

Translate »
error: Content is protected !!