होशियारपुर। राजवीर दीक्षित
(Video of firing at a wedding goes viral; AAP leader accused!) पंजाब के होशियारपुर में एक शादी समारोह के दौरान दोनों हाथों में हथियार लेकर हवाई फायरिंग करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से विवाद खड़ा हो गया है। वीडियो में दिखाई दे रहे युवक की पहचान आम आदमी पार्टी (AAP) के स्थानीय नेता प्रितपाल सिंह के रूप में बताई जा रही है। वह होशियारपुर के विधायक ब्रह्म शंकर जिम्पा का करीबी माना जाता है। हालांकि, प्रितपाल सिंह ने फायरिंग के आरोपों को खारिज करते हुए वीडियो को AI से तैयार किया गया फर्जी वीडियो बताया है।
दोनों हाथों में हथियार, शादी में फायरिंग का दावा
वायरल वीडियो में एक युवक शादी समारोह की रस्मों के बीच दोनों हाथों में हथियार लेकर हवा में गोलियां चलाता दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि यह समारोह होशियारपुर के नजदीकी एक गांव में आयोजित हुआ था। इस शादी में विधायक ब्रह्म शंकर जिम्पा भी शामिल हुए थे।
वीडियो स्क्रीन रिकॉर्डिंग के जरिए सामने आया है। इसमें युवक को दोनों हाथों से फायरिंग करते देखा जा सकता है, हालांकि गोलियों की आवाज सुनाई नहीं दे रही है।
AAP नेता बोले- छवि खराब करने की साजिश
मामले पर सफाई देते हुए प्रितपाल सिंह ने कहा कि उन्होंने शादी समारोह में कोई फायरिंग नहीं की। उनके मुताबिक, किसी शरारती तत्व ने उनकी छवि खराब करने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से फर्जी वीडियो तैयार कर वायरल किया है। उन्होंने अपने ऊपर लगे आरोपों को पूरी तरह झूठा बताया।
वीडियो असली या AI से तैयार? जांच पर टिकी नजरें
वीडियो वायरल होने के बाद अब पुलिस की कार्रवाई पर सबकी नजरें हैं। सबसे अहम सवाल यह है कि वीडियो वास्तविक है या इसमें AI तकनीक के जरिए छेड़छाड़ की गई है। इसकी सच्चाई सामने लाने के लिए वीडियो की तकनीकी और फॉरेंसिक जांच जरूरी है।
फिलहाल वायरल वीडियो और प्रितपाल सिंह के दावे को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। मामले की निष्पक्ष जांच के बाद ही सच्चाई सामने आ सकेगी।












