चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(PGI Chandigarh gains global recognition; 5 specialties featured in Newsweek list) PGI चंडीगढ़ ने चिकित्सा सेवाओं और अनुसंधान के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय पहचान हासिल की है। संस्थान को Newsweek की World’s Best Specialized Hospitals 2027 सूची में पांच विशेषज्ञताओं के लिए शामिल किया गया है। इनमें कार्डियोलॉजी, एंडोक्राइनोलॉजी, ऑन्कोलॉजी, पीडियाट्रिक्स और पल्मोनोलॉजी शामिल हैं।
Newsweek ने यह सूची वैश्विक डेटा विश्लेषण कंपनी Statista के सहयोग से तैयार की है। इस उपलब्धि को संस्थान में विशेषज्ञ इलाज, मरीजों की देखभाल, चिकित्सा शिक्षा और शोध के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की अंतरराष्ट्रीय पहचान के रूप में देखा जा रहा है।
हृदय से फेफड़ों तक विशेषज्ञ इलाज को पहचान
PGI को जिन पांच विशेषज्ञताओं में जगह मिली है, उनमें हृदय रोग, हार्मोन संबंधी बीमारियां, कैंसर, बच्चों का इलाज और फेफड़ों से जुड़ी बीमारियां शामिल हैं। संस्थान देशभर से आने वाले मरीजों को जटिल रोगों के उपचार की सुविधा उपलब्ध कराता है।
निदेशक ने टीमवर्क को दिया श्रेय
PGI के निदेशक प्रो. विवेक लाल ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि यह संस्थान की उच्चस्तरीय चिकित्सा सेवाओं के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने इसका श्रेय फैकल्टी, रेजिडेंट डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ, तकनीकी टीमों और अन्य कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों को दिया।
उन्होंने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए गुणवत्तापूर्ण उपचार के साथ नई तकनीक, अनुसंधान, मरीजों की पहुंच और संवेदनशील देखभाल भी जरूरी है। यह उपलब्धि संस्थान को चिकित्सा शिक्षा और उपचार की गुणवत्ता में और सुधार के लिए प्रेरित करेगी।
मरीजों के अनुभव भी आकलन में शामिल
Newsweek और Statista की सूची के सातवें संस्करण में अस्पतालों का आकलन प्रतिष्ठा, मान्यता और उपचार परिणामों सहित विभिन्न मानकों के आधार पर किया गया है। इसमें मरीजों की ओर से बताए गए उपचार परिणामों (PROMs) को भी महत्व दिया गया है। इससे यह समझने में मदद मिलती है कि इलाज का मरीजों के स्वास्थ्य और जीवन की गुणवत्ता पर क्या प्रभाव पड़ा।
वर्ष 1962 में स्थापित PGI चंडीगढ़ देश के प्रमुख चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और तृतीयक स्वास्थ्य सेवा संस्थानों में शामिल है। यहां मरीजों के उपचार के साथ डॉक्टरों को प्रशिक्षण देने और नई उपचार पद्धतियों पर शोध करने का काम भी किया जाता है।


















