(Uproar in Punjab Legislative Assembly! Sukhpal Khaira suspended for the entire session) पंजाब विधानसभा में शुक्रवार को जोरदार हंगामा हुआ। कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैहरा को सदन की कार्यवाही बाधित करने और पीठासीन अधिकारी के खिलाफ अमर्यादित भाषा इस्तेमाल करने के आरोप में मौजूदा सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित कर दिया गया। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा की ओर से पेश प्रस्ताव को सदन ने पारित कर दिया।
झोटा हत्याकांड पर भिड़े सत्ता-विपक्ष
एंटी-ड्रग्स कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या को लेकर कांग्रेस विधायकों ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के इस्तीफे की मांग की। इस दौरान कांग्रेस विधायकों ने सदन के वेल में पहुंचकर नारेबाजी की और आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
हंगामे के बीच वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा और विधायक सुखपाल सिंह खैहरा एक-दूसरे पर उंगली उठाते नजर आए। शोर-शराबे के बीच कांग्रेस विधायकों ने सदन से वॉकआउट कर दिया।
कांग्रेस की गैरमौजूदगी में पारित हुआ प्रस्ताव
वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने खैहरा पर सदन की कार्यवाही जानबूझकर बाधित करने और पीठासीन अधिकारी के प्रति अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए निलंबन प्रस्ताव पेश किया। प्रस्ताव पारित होने के समय कांग्रेस विधायक सदन में मौजूद नहीं थे।
पंजाब विधानसभा का सत्र बृहस्पतिवार को शुरू हुआ था और यह 27 अक्तूबर तक चलेगा।


















