Home Chandigarh इंडोनेशिया से पंजाब लाया गया फरार गैंगस्टर जोबन बिल्ला, पंजाब पुलिस की...

इंडोनेशिया से पंजाब लाया गया फरार गैंगस्टर जोबन बिल्ला, पंजाब पुलिस की बड़ी कामयाबी

चंडीगढ़ । राजवीर दीक्षित

(Punjab Police Brings Fugitive Gangster Joban Billa Back from Indonesia) पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए फरार गैंगस्टर जोबनजीत सिंह उर्फ जोबन बिल्ला को इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता से डिपोर्ट कर भारत वापस ले आई है।

पंजाब के पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव ने बताया कि AGTF ने ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्सट्राडिशन सेल (OFTEC), पंजाब और केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर इस कार्रवाई को अंजाम दिया। उन्होंने इसे अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता बताया।

अमृतसर (देहात) के अर्जन मंगा गांव का रहने वाला जोबन बिल्ला बंबीहा गैंग का सक्रिय सदस्य है। पुलिस के अनुसार वह नशा तस्करी, रंगदारी वसूली और गैंग के सदस्यों को लॉजिस्टिक सहायता उपलब्ध कराने में शामिल रहा है।

उसके खिलाफ पंजाब में 4 हत्या के मामले, जिनमें 13 वर्षीय बच्चे की हत्या भी शामिल है, दर्ज हैं। इसके अलावा हत्या के प्रयास, NDPS एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत भी कई मामले दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक जोबन बिल्ला के खिलाफ 10 से अधिक एफआईआर दर्ज हैं।

उस पर वर्ष 2023 में सत्थियाला गांव के जर्नैल सिंह की हत्या और अमृतसर के ग्रामीण क्षेत्र में व्यापारियों व दुकानदारों से लाखों रुपये की रंगदारी मांगने तथा गोली मारने की धमकी देने के आरोप भी हैं। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह दुबई समेत कई देशों से अपना नेटवर्क चला रहा था।

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि यह कार्रवाई ‘ऑपरेशन नोमैड हंट’ के तहत करीब 6 महीने तक चली, जिसमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के साथ लगातार निगरानी और समन्वय के बाद आरोपी को भारत वापस लाने में सफलता मिली।

Translate »
error: Content is protected !!