श्री आनंदपुर साहिब। राजवीर दीक्षित
(BJP Begins 2027 Punjab Poll Campaign from Anandpur Sahib) पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष सुभाष शर्मा ने मंगलवार को श्री आनंदपुर साहिब विधानसभा क्षेत्र से अपने चुनाव अभियान की औपचारिक शुरुआत करते हुए किरतपुर साहिब में भाजपा कार्यालय का उद्घाटन किया।

इस मौके पर उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और घर-घर जाकर लोगों से संपर्क बढ़ाने का आह्वान किया।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सुभाष शर्मा ने आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब की आर्थिक स्थिति लगातार खराब होती जा रही है और राज्य पर चार लाख करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज हो चुका है।
शर्मा ने कहा कि मौजूदा सरकार आर्थिक प्रबंधन में पूरी तरह विफल रही है और जनता का विश्वास खो चुकी है। उनके अनुसार केवल भाजपा ही पंजाब को आर्थिक संकट से बाहर निकाल सकती है।
उन्होंने राज्य सरकार को कर्मचारियों के महंगाई भत्ता (DA) के बकाया भुगतान के मुद्दे पर भी घेरा। शर्मा ने कहा कि पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के निर्देशों के बावजूद कर्मचारियों का बकाया DA जारी नहीं किया गया।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राज्य सरकार हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाने की तैयारी कर रही है, जिससे कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ रही है।
सुभाष शर्मा ने भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा कि वे राज्य सरकार की कथित विफलताओं को जनता तक पहुंचाएं और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अभी से संगठन को मजबूत करें।
उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य पंजाब में एक मजबूत विकल्प के रूप में उभरना है।
पिछले कई महीनों से आनंदपुर साहिब क्षेत्र में सक्रिय सुभाष शर्मा ने नंगल डैम रेलवे स्टेशन पर वंदे भारत एक्सप्रेस का ठहराव सुनिश्चित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अलावा उन्होंने नंगल स्थित NFL प्लांट के विस्तार की मांग भी लगातार उठाई है।
उनका कहना है कि इससे क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और औद्योगिक विकास को गति मिलेगी।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आनंदपुर साहिब कभी भाजपा का मजबूत गढ़ हुआ करता था, लेकिन पिछले दो दशकों में पार्टी का जनाधार कमजोर हुआ। पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा तीसरे स्थान पर रही थी, जबकि AAP के हरजोत सिंह बैंस ने बड़ी जीत दर्ज की थी।
ऐसे में सुभाष शर्मा की सक्रियता को भाजपा की खोया जनाधार वापस पाने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। अब पार्टी संगठन विस्तार, विकास के मुद्दों और जनसंपर्क अभियान के जरिए 2027 विधानसभा चुनाव में मजबूत वापसी की तैयारी में जुट गई है।



















