Home Una News 33 हजार के एम्बुलेंस किराए पर बवाल! शव को UP ले जाने...

33 हजार के एम्बुलेंस किराए पर बवाल! शव को UP ले जाने की मांग पर घिरी एम्बुलेंस, पुलिस बुलानी पड़ी

ऊना/मैहतपुर। राजवीर दीक्षित 

(Ruckus over ambulance rent of Rs 33 thousand! Ambulance surrounded on demand to take dead body to UP, police had to be called) हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में एक निजी एम्बुलेंस के किराए को लेकर देर रात जमकर विवाद हो गया। आरोप है कि एक प्रवासी परिवार की मृत महिला का शव ऊना से उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद ले जाने के लिए एम्बुलेंस चालक ने कथित तौर पर 33 हजार रुपये की मांग कर दी। मामला सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई और ऊना से मुरादाबाद जा रही एम्बुलेंस को करीब 15 किलोमीटर दूर मैहतपुर मुख्य मार्ग पर रोक लिया गया।

जानकारी के अनुसार, परिवार में महिला की मौत के बाद गांववासियों की मदद से शव को घर पहुंचाने के लिए निजी एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई थी। आरोप है कि चालक ने शव को मुरादाबाद ले जाने के लिए करीब 33 हजार रुपये किराए की मांग की। परिवार पहले ही आर्थिक और मानसिक परेशानी से गुजर रहा था। मजबूरी में परिवार की ओर से रकम की व्यवस्था करने का प्रयास किया गया।

इसी दौरान जब यह बात स्थानीय लोगों और संबंधित परिवार के परिचितों तक पहुंची तो मामला गरमा गया। चढ़तगढ़ गांव के कुछ लोग मैहतपुर मुख्य मार्ग पर पहुंचे और कथित तौर पर 33 हजार रुपये किराए की मांग को लेकर एम्बुलेंस को रोक लिया। चालक से पूछताछ शुरू हुई तो उसने एम्बुलेंस मालिक को इसकी सूचना दी। लोगों की नाराजगी बढ़ती देख चालक मौके से चला गया।

33 हजार की जगह 17 हजार में दूसरी एम्बुलेंस

परिवार की परेशानी को देखते हुए बाद में दूसरी एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई। बताया गया कि दूसरी एम्बुलेंस करीब 17 हजार रुपये में शव को उत्तर प्रदेश ले जाने के लिए रवाना हुई। इस अंतर के सामने आने के बाद निजी एम्बुलेंस के किराए और जरूरतमंद परिवारों से वसूली जाने वाली रकम को लेकर सवाल और गहरा गए।

मामला उस समय और तनावपूर्ण हो गया जब एम्बुलेंस मालिक मौके पर पहुंचा। वहां कुछ लोगों के साथ उसकी बहस हो गई। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा। देर रात मैहतपुर मुख्य मार्ग पर लोगों की भीड़ जुटने के कारण कुछ समय के लिए जाम जैसे हालात भी बने।

अब प्रशासन की व्यवस्था पर सवाल

घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल निजी एम्बुलेंस के किराए को लेकर उठ रहा है। क्या शव को दूसरे राज्य ले जाने के लिए निजी एम्बुलेंस का कोई निर्धारित किराया है? अगर निर्धारित दरें हैं तो उनकी निगरानी कौन करता है? और अगर किसी परिवार से मनमानी रकम मांगने की शिकायत सामने आती है तो प्रशासन की कार्रवाई की प्रक्रिया क्या है?

फिलहाल पूरे मामले में सामने आए आरोपों की निष्पक्ष जांच जरूरी है। यदि जांच में परिवार से कथित तौर पर मनमाना किराया मांगने की बात सही पाई जाती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग उठ रही है।

मैहतपुर बाजार की इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मौके पर लोगों और एम्बुलेंस मालिक के बीच विवाद दिखाई देता है। घटना के बाद स्थानीय स्तर पर निजी एम्बुलेंस सेवाओं की दरों और उनकी निगरानी को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

Translate »
error: Content is protected !!