चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(“Spa Center Sex Racket Busted “) पंजाब के जालंधर शहर में पुलिस ने एक बड़े स्पा सेंटर पर छापेमारी कर कथित सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। यह कार्रवाई थाना डिवीजन नंबर-7 की पुलिस ने पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर गुप्त सूचना के आधार पर की। मामला गढ़ा रोड स्थित ताज मार्केट के सामने छोटी बारादरी पार्ट-2 में संचालित एक स्पा सेंटर का बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि स्पा सेंटर की आड़ में अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सूचना मिलते ही एडीसीपी सिटी-2 और एसीपी मॉडल टाउन की निगरानी में पुलिस टीम ने मौके पर छापा मारा। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद तीन युवतियां और एक युवक भागने लगे, लेकिन पुलिस ने सभी को मौके पर ही पकड़ लिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि गिरफ्तार युवक स्पा सेंटर में रिसेप्शनिस्ट के रूप में काम करता था, जबकि तीनों युवतियां मसाज का कार्य करती थीं। तलाशी के दौरान पुलिस को मौके से कई कंडोम के पैकेट भी बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने स्पा सेंटर को सील कर दिया और सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
जांच में यह भी सामने आया है कि स्पा सेंटर में काम करने वाली युवतियों को हरियाणा के पानीपत और रोहतक सहित अन्य क्षेत्रों से बुलाया गया था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के मास्टरमाइंड और स्पा सेंटर के संचालकों की तलाश में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और यदि इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका सामने आती है तो उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पूछताछ जारी है और पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह नेटवर्क कब से संचालित हो रहा था तथा इसके तार किन-किन राज्यों से जुड़े हुए हैं।



















