मौत के बाद भी कायम है सिद्धू का क्रेज
शुभदीप सिंह सिद्धू मूसेवाला की 29 मई 2022 को मानसा जिले के जवाहरके गांव में हत्या कर दी गई थी। इसके बावजूद उनके पहले रिकॉर्ड किए गए गाने लगातार रिलीज हो रहे हैं। परिवार और उनकी टीम इन गानों के जरिए उनकी संगीत विरासत को प्रशंसकों तक पहुंचा रहे हैं।
करीब 2 मिनट 50 सेकंड का ‘काली हुडी’ भी इसी सिलसिले की नई कड़ी है। गाने में बोहेमिया की मौजूदगी ने इसे खास बना दिया है।
कनाडा में होलोग्राम शो के बाद रिलीज
गाने की रिलीज सिद्धू मूसेवाला के ‘Signed to God World Tour’ के कनाडा स्थित वैंकूवर शो के बाद हुई। इस टूर में होलोग्राम तकनीक और स्टेज इफेक्ट्स की मदद से गायक की मंच पर मौजूदगी का आभास कराया जा रहा है।
इससे पहले 9 अक्तूबर को टोरंटो में टूर का पहला शो आयोजित हुआ था, जिसमें बड़ी संख्या में प्रशंसक पहुंचे। इसी शो के साथ सिद्धू के चर्चित गाने ‘295’ का वीडियो भी जारी किया गया था। साल 2021 में रिलीज हुआ यह गाना आज भी उनके लोकप्रिय ट्रैकों में शामिल है।
‘घोस्टफेस किल्ला’ के बाद नया ट्रैक
सिद्धू मूसेवाला का 13वां मरणोपरांत गाना ‘Ghostface Killah’ पिछले महीने रिलीज हुआ था। अब ‘काली हुडी’ के साथ उनके संगीत की विरासत आगे बढ़ रही है।
उनके पिता बलकौर सिंह पहले बता चुके हैं कि होलोग्राम टूर के पहले चरण में विभिन्न देशों में 10 शो आयोजित किए जाएंगे।
फैंस में बरकरार दीवानगी: सिद्धू मूसेवाला के नए गाने को शुरुआती घंटों में मिले व्यूज उनके संगीत के प्रति प्रशंसकों की लगातार दिलचस्पी दिखाते हैं।

















