द टारगेट वेब डेस्क
(‘AR Rahman’s Son A.R. Ameen Meets With Major Road Accident “) मशहूर संगीतकार और ऑस्कर विजेता ए.आर. रहमान के बेटे ए.आर. अमीन के साथ चेन्नई में बड़ा सड़क हादसा हो गया। राहत की बात यह है कि हादसे में अमीन और उनके दोस्त को गंभीर चोटें नहीं आईं और इलाज के बाद दोनों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

जानकारी के मुताबिक, हादसा सोमवार तड़के करीब 3:30 बजे चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू रोड पर ओलंपिया टेक पार्क के पास हुआ। बताया जा रहा है कि ए.आर. अमीन अपने एक दोस्त के साथ लग्जरी कार में गिंडी की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान एक टैक्सी साइड रोड से मुख्य सड़क पर आई और उनकी कार से टकरा गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों को नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। अमीन और उनके दोस्त को मामूली चोटें आईं, जिसके बाद दोनों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें डिस्चार्ज कर दिया और दोनों सुरक्षित घर लौट आए।
वहीं, हादसे में टैक्सी ड्राइवर और टैक्सी में सवार एक यात्री भी घायल हुए हैं। दोनों को इलाज के लिए कलैगनार सेंचुरी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फिलहाल अड्यार ट्रैफिक इन्वेस्टिगेशन विंग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर हादसा किसकी लापरवाही से हुआ और टक्कर के पीछे क्या वजह थी।
फैंस के लिए सबसे बड़ी राहत यही है कि ए.आर. अमीन और उनके दोस्त की हालत ठीक बताई जा रही है। हादसे की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआएं की जा रही हैं।



















