जालंधर। राजवीर दीक्षित
(Tragic accident in Punjab: 3 dead, including mother and daughter) जालंधर के फिल्लौर में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। हरिपुर खालसा गेट के पास तेज रफ्तार कार ने एक्टिवा को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक्टिवा सवार महिला और उसकी करीब 6 साल की बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल पिता ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
जानकारी के मुताबिक, लुधियाना के गांव भामियां निवासी परिवार नकोदर स्थित बाबा मुराद शाह दरगाह से माथा टेककर वापस लौट रहा था। परिवार के कुछ सदस्य आगे एक्टिवा पर चल रहे थे, जबकि अन्य रिश्तेदार मोटरसाइकिलों पर उनके पीछे आ रहे थे। इसी दौरान हरिपुर और प्रतापपुरा के बीच सामने से आ रही टोयोटा इटियॉस कार (PB01 9221) ने एक्टिवा को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त, एक्टिवा के उड़े परखच्चे
हादसा सुबह करीब 8:30 बजे हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक्टिवा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। एक्टिवा पर सवार विनय कुमार (38), उनकी पत्नी सुमन (35) और बेटी कवीशा (करीब 6 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को तत्काल SDH फिल्लौर की इमरजेंसी में पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने सुमन और कवीशा को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर तरुण के मुताबिक, दोनों अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ चुकी थीं।
गंभीर घायल पिता ने भी जालंधर में तोड़ा दम
हादसे में विनय कुमार की बाईं टांग में गंभीर चोट आई थी और हड्डी टूट गई थी। फिल्लौर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें सिविल अस्पताल जालंधर रेफर किया गया। हालांकि इलाज के दौरान विनय की भी मौत हो गई। हादसे में एक अन्य बच्चा भी घायल हुआ, जिसके सिर पर मामूली चोट बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत ठीक बताई गई।
कार चालक भी घायल
हादसे में कार चालक रूपिंदर सिंह भी घायल हुआ है। उसके नाक और हाथ पर चोटें आई हैं। नाक की हड्डी में फ्रैक्चर की आशंका के चलते उसका फिल्लौर अस्पताल में उपचार चल रहा है। अस्पताल में उपचाराधीन कार सवार रविंदर सिंह ने बताया कि वे लुधियाना से नूरमहल की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान अचानक कार की एक्टिवा से टक्कर हो गई। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी पूरी जानकारी उन्हें नहीं है।
धार्मिक यात्रा से लौट रहा था परिवार
बताया जा रहा है कि परिवार के कई सदस्य एक साथ नकोदर स्थित धार्मिक स्थल पर माथा टेकने गए थे। वापसी के दौरान यह हादसा हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
पुलिस ने शुरू की जांच
थाना फिल्लौर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी उमेश कुमार के अनुसार, हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। कार चालक के बयान और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



















