ऊना । राजवीर दीक्षित
(“Government Hospital Under Attack: Windows Smashed, Investigation On “) हिमाचल प्रदेश के संतोखगढ़ क्षेत्र से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहां देर रात अज्ञात शरारती तत्वों ने सरकारी वेटरिनरी अस्पताल को निशाना बनाकर जमकर तोड़फोड़ की। बाबा विश्वकर्मा मंदिर के सामने स्थित इस अस्पताल में हुई घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और लोगों में भारी रोष देखने को मिल रहा है।
मंगलवार सुबह जब अस्पताल के कर्मचारी रोजाना की तरह ड्यूटी पर पहुंचे तो अस्पताल का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। अस्पताल के मुख्य दरवाजे, खिड़कियां और शीशे बुरी तरह टूटे हुए मिले। कई जगहों पर तोड़फोड़ के स्पष्ट निशान दिखाई दिए, जिससे सरकारी संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा है। कर्मचारियों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को इसकी सूचना दी।
घटना की खबर फैलते ही स्थानीय लोग, समाजसेवी और गणमान्य नागरिक मौके पर पहुंच गए। लोगों ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि सरकारी संस्थानों पर हमला केवल संपत्ति का नुकसान नहीं, बल्कि जनता की सुविधाओं पर सीधा प्रहार है। लोगों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि आरोपी चोरी की नीयत से अस्पताल में घुसे थे या केवल तोड़फोड़ करने के इरादे से आए थे। अस्पताल प्रशासन की ओर से अभी तक किसी सामान की चोरी की पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
जांच के तहत आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों की पड़ताल की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें कानून के शिकंजे में लिया जाएगा। इस घटना के बाद संतोखगढ़ में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं और लोग सरकारी संस्थानों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।



















