Home Nangal News एनएफएल विस्तार को मंजूरी से नंगल में खुशी की लहर, सुभाष शर्मा...

एनएफएल विस्तार को मंजूरी से नंगल में खुशी की लहर, सुभाष शर्मा का कर्मचारी संगठनों ने किया सम्मान

नंगल। राजवीर दीक्षित 

(Wave of joy in Nangal over approval for NFL expansion; Subhash Sharma honored by employee organizations) नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड (एनएफएल) की नंगल इकाई के विस्तार को मंजूरी मिलने के बाद सोमवार को नंगल में खुशी का माहौल रहा। लंबे समय से विस्तार की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे कर्मचारी संगठनों ने एनएफएल के मेन गेट पर एकत्र होकर खुशी मनाई। इस दौरान भाजपा प्रदेश उपप्रधान डा. सुभाष शर्मा का गर्मजोशी से स्वागत कर उन्हें सम्मानित किया गया और कर्मचारियों ने लड्डू बांटकर खुशी का इजहार किया।

एनएफएल के विस्तार को नंगल के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। लोगों को उम्मीद है कि विस्तार से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के रास्ते खुलेंगे और नंगल के कारोबार को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा।

इस अवसर पर डा. सुभाष शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रसायन मंत्री जेपी नड्डा के समर्थन में नारे लगाते हुए अपने संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि एनएफएल के विस्तार को मिली मंजूरी किसी एक व्यक्ति की जीत नहीं है, बल्कि यह उन सभी कर्मचारी संगठनों और क्षेत्रवासियों के प्रयासों का परिणाम है, जिन्होंने लंबे समय तक इस मांग को उठाया और सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाई।

उन्होंने कहा कि विस्तार के बाद स्थानीय लोगों को रोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध करवाना अगला प्रयास रहेगा। एनएफएल का कारखाना स्थापित करने के लिए नंगल के लोगों ने अपनी उपजाऊ जमीनें दी थीं। ऐसे में स्थानीय युवाओं को रोजगार में उचित अवसर मिलना उनकी जायज अपेक्षा है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जाएगा और स्थानीय लोगों के हितों के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

डा. सुभाष शर्मा ने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान नंगल की आर्थिक मजबूती और विकास को लेकर उन्होंने जो संकल्प लिए थे, उन्हें पूरा करवाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। एनएफएल विस्तार को मिली मंजूरी इसी कड़ी में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने इस उपलब्धि में हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के भाजपा नेता सतपाल सिंह सत्ती और विधायक बिक्रम ठाकुर के सहयोग को भी अहम बताया।

कर्मचारी नेताओं सुमन शर्मा, राजेश पस्सीवाल, राकेश शर्मा पम्मी और तरलोचन सिंह ने कहा कि एनएफएल विस्तार की मांग कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही प्रमुख मांग थी। इसके पूरा होने से कर्मचारियों में उत्साह है। उन्होंने कहा कि विस्तार से रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ नंगल के व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी।

इस मौके पर भारतीय मजदूर संघ के संजीव शर्मा , राजेश पासीवाल , बख्शीश सिंह , मान्यता प्राप्त यूनियन के अध्यक्ष सुमन शर्मा , राकेश शर्मा पम्मी, हितेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में NFL का कर्मचारी शामिल थे । इस अवसर पर भाजपा नेता डा. परमिंदर शर्मा, राकेश शर्मा पिंकी , पार्षद डा. राजेंद्र कुमार, पार्षद ममता कपिला , हरमन प्रिंस बाबू अनिल शर्मा, दिनेश जोशी, वरिंदर विक्की , रमन शर्मा , अलका एरी, करण महें ,बीबीएमबी कर्मचारी संघ के प्रधान संजीव शर्मा और भाजयुमो नंगल अध्यक्ष कर्ण वर्मा सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी और वर्कर्स मौजूद रहे।

Translate »
error: Content is protected !!