Home Mumbai ₹3,383 करोड़ की संपत्ति, फिर भी भिखारी बने BJP विधायक!

₹3,383 करोड़ की संपत्ति, फिर भी भिखारी बने BJP विधायक!

मुंबई। टारगेट न्यूज नेटवर्क 

घाटकोपर पूर्व से भाजपा विधायक पराग शाह का भिखारी के वेश में सड़कों पर घूमने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। शाह गंदे-मैले कपड़े पहनकर घाटकोपर रेलवे स्टेशन के आसपास लोगों से मदद मांगते नजर आए।

शाह के मुताबिक, यह कोई राजनीतिक प्रचार या कार्यक्रम नहीं था। उन्होंने जैन धर्मगुरु राष्ट्रसंत नम्रमुनि महाराज की शिक्षाओं से प्रेरित होकर कुछ समय के लिए अपना रूप बदला और जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन करीब से समझने की कोशिश की।

लोगों से मांगी मदद, किसी ने दिया तो किसी ने अनदेखा किया

वीडियो में शाह सड़क किनारे बैठे और राहगीरों से मदद लेते दिखाई दे रहे हैं। कुछ लोगों ने उन्हें पैसे या सहायता दी, जबकि कई लोग बिना ध्यान दिए आगे निकल गए।

शाह ने बताया कि इस प्रयोग का उद्देश्य यह समझना था कि समाज गरीब और जरूरतमंद लोगों को किस नजर से देखता है। मेकअप और कपड़ों के जरिए उन्होंने अपनी पहचान छिपाई, जिसके कारण आसपास मौजूद कई लोग उन्हें पहचान नहीं सके।

हलफनामे में 3,383 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति

2024 विधानसभा चुनाव के हलफनामे के मुताबिक, पराग शाह ने ₹3,383.06 करोड़ से अधिक की कुल संपत्ति घोषित की थी। वे कारोबारी हैं और रियल एस्टेट क्षेत्र से जुड़े हैं।

पहले सोनू निगम भी कर चुके हैं ऐसा प्रयोग

मई 2016 में गायक सोनू निगम ने भी मुंबई में भिखारी का रूप धारण कर सड़क किनारे गाने गाए थे। इसका उद्देश्य यह दिखाना था कि लोग किसी व्यक्ति को उसके पहनावे और सामाजिक स्थिति के आधार पर किस तरह देखते हैं।

पराग शाह का यह प्रयोग भी अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

Translate »
error: Content is protected !!