Home Chandigarh चार धाम यात्रा में श्रद्धा का सैलाब: केदारनाथ और बद्रीनाथ में 8...

चार धाम यात्रा में श्रद्धा का सैलाब: केदारनाथ और बद्रीनाथ में 8 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित

(“A wave of devotion in the Char Dham Yatra: More than 8 lakh devotees visited Kedarnath and Badrinath”) उत्तराखंड में चल रही चार धाम यात्रा इस बार श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के नए रिकॉर्ड बना रही है। बाबा केदार और भगवान बदरीविशाल के दर्शन के लिए देशभर से लाखों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। अब तक केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में कुल मिलाकर 8 लाख से ज्यादा श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। सबसे ज्यादा भीड़ बाबा केदारनाथ धाम में देखने को मिल रही है, जहां अब तक 5 लाख से अधिक भक्त माथा टेक चुके हैं।

केदारनाथ धाम में हर दिन करीब 25 हजार श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। भारी भीड़ के बावजूद प्रशासन व्यवस्था संभालने में जुटा हुआ है। सुबह से दोपहर तक ‘स्पर्श दर्शन’ और उसके बाद ‘श्रृंगार दर्शन’ की व्यवस्था की गई है। हालांकि आम श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए 8 से 10 घंटे तक लंबी लाइनों में इंतजार करना पड़ रहा है। यात्रा मार्ग पर घोड़े और खच्चरों की अधिक संख्या भी श्रद्धालुओं के लिए परेशानी का कारण बन रही है। कई यात्रियों ने वीआईपी दर्शन व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए हैं और इसे अधिक पारदर्शी बनाने की मांग की है।

वहीं दूसरी ओर बद्रीनाथ धाम में भी भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। यहां श्रद्धालुओं की संख्या 3 लाख के पार पहुंच चुकी है। रोजाना करीब 16 हजार श्रद्धालु बदरीनाथ पहुंच रहे हैं, जबकि मंगलवार को एक ही दिन में यह आंकड़ा 18 हजार से ज्यादा दर्ज किया गया। बद्रीनाथ की सड़कें वाहनों से भरी हुई हैं और पूरा धाम किसी विशाल मेले जैसा नजर आ रहा है।

हिमालय की बर्फीली चोटियां, ठंडी हवाएं और भक्तों की जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो चुका है। चार धाम यात्रा में उमड़ी यह आस्था साफ दिखा रही है कि श्रद्धालुओं के दिलों में आज भी भगवान के प्रति अटूट विश्वास और भक्ति कायम है।

Translate »
error: Content is protected !!