चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(“Expired Cold Drink Row”) Ludhiana में एक नामी कोल्ड ड्रिंक कंपनी पर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। कंपनी के एक कर्मचारी ने आरोप लगाया है कि 140वें स्थापना दिवस के कार्यक्रम में कर्मचारियों को एक्सपायरी डेट वाली कोल्ड ड्रिंक पिलाई गई। मामला तब और गरमा गया जब कर्मचारी ने इसका वीडियो बनाकर अधिकारियों को भेजा, लेकिन कार्रवाई करने की बजाय कंपनी ने उसे नौकरी से ही निकाल दिया।
शिकायत करने वाले कर्मचारी साहिल का दावा है कि कार्यक्रम में करीब 70 से 80 कर्मचारियों को समोसे, सैंडविच और 200ML की कोल्ड ड्रिंक दी गई थी। इसी दौरान एक कर्मचारी ने बोतल की एक्सपायरी डेट चेक की तो पता चला कि ड्रिंक की डेट निकल चुकी थी। साहिल ने इसका वीडियो बनाकर कंपनी के अधिकारियों और ग्रुप में शेयर किया, लेकिन कंपनी ने मामले को दबाने की कोशिश की।
साहिल का आरोप है कि एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक पीने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसे उल्टियां शुरू हो गईं और बाद में ESI अस्पताल में इलाज करवाना पड़ा। उसने मेडिकल स्लिप और दवाइयों की पर्चियां भी दिखाई हैं। साहिल ने यह भी कहा कि जिस हब से यह कोल्ड ड्रिंक कर्मचारियों को दी गई, वहीं से बाजार में भी सप्लाई होती है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि अगर कर्मचारियों को एक्सपायरी ड्रिंक दी जा सकती है, तो आम लोगों तक क्या पहुंच रहा होगा?
मामले के सामने आने के बाद जिला स्वास्थ्य विभाग भी हरकत में आ गया है। जिला स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा कि एक्सपायरी फूड या ड्रिंक बेचना और परोसना कानूनन अपराध है और कंपनी के खिलाफ Food Safety Act के तहत कार्रवाई की जाएगी।
वहीं कंपनी ने कर्मचारी को टर्मिनेट करते हुए आरोप लगाया कि उसने कंपनी की छवि खराब करने की कोशिश की। अब यह मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग खाद्य सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहे हैं।



















