मोहाली। राजवीर दीक्षित
(Shots fired in broad daylight in Punjab: Attacks on a home and a salon!) शहर के फेज-11 में शनिवार दोपहर बाइक सवार बदमाशों ने दो अलग-अलग स्थानों पर फायरिंग कर दहशत फैला दी। हमलावरों ने एक आर्किटेक्ट के घर और हेयर मास्टर सैलून को निशाना बनाया। आर्किटेक्ट के मकान पर चार गोलियां चलाई गईं। इनमें से एक गोली घर के अंदर रखे गद्दे में जा लगी। राहत की बात यह रही कि दोनों घटनाओं में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही थाना फेज-11 के एसएचओ बलजिंदर सिंह कंग पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थलों का निरीक्षण कर आसपास के इलाकों में नाकाबंदी की और जांच शुरू कर दी।
दोनों वारदातों में एक ही गैंग पर शक
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आर्किटेक्ट के घर और हेयर मास्टर सैलून पर फायरिंग करने वाले बदमाश एक ही हो सकते हैं। आरोपियों ने एक के बाद एक दोनों जगहों पर गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए।
न रंजिश, न फिरौती की धमकी
पीड़ित आर्किटेक्ट हरप्रीत सिंह ने पुलिस को बताया कि दोपहर के समय मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक उनके घर पहुंचे और फायरिंग कर फरार हो गए। उन्होंने बताया कि उनकी किसी के साथ पुरानी दुश्मनी या रंजिश नहीं है। न ही उन्हें फिरौती के लिए कोई फोन आया था और न किसी ने धमकी दी थी।
CCTV फुटेज से हमलावरों की तलाश
दिनदहाड़े हुई फायरिंग से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस दोनों घटनाओं की हर पहलू से जांच कर रही है। हमलावरों की पहचान और उनके फरार होने के रास्ते का पता लगाने के लिए घटनास्थलों और आसपास की सड़कों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।











