द टारगेट न्यूज डेस्क।
(“Major Accident on Delhi-Mumbai Expressway: Bus Turns Into Fireball After Colliding With Truck, 6 Killed “) राजस्थान के दौसा जिले से बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना सामने आई है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हरिद्वार से इंदौर जा रही एक निजी बस की तेज रफ्तार ट्रक से जबरदस्त टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस और ट्रक दोनों में आग लग गई और देखते ही देखते बस आग का गोला बन गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 17 अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। एसपी पियूष दीक्षित ने स्वयं घटनास्थल का जायजा लिया, जबकि एएसपी योगेंद्र फौजदार के नेतृत्व में भारी पुलिस बल और राहत दल को तैनात किया गया। घायलों को जल्द अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया, जिससे उन्हें दौसा जिला अस्पताल में तत्काल इलाज मिल सके।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बस चालक को नींद की झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ। हालांकि पुलिस एक्सप्रेसवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाया जा सके। यह भी संभावना जताई जा रही है कि बस तेज रफ्तार में थी।
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि हादसे की सूचना समय पर दिए जाने के बावजूद एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड देर से पहुंची, जिससे आग तेजी से फैल गई। राहत कर्मियों को बस की खिड़कियां और दरवाजे तोड़कर अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में करीब एक घंटे का समय लगा।
फिलहाल पुलिस मृतकों और घायलों की पहचान करने में जुटी है। प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा, तेज रफ्तार और आपातकालीन सेवाओं की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



















