चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(“Jagtar Singh Hawara “) पंजाब की सियासत में जगतार सिंह हवारा की पैरोल को लेकर एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री भगवंत मान की ओर से हवारा की पैरोल को लेकर सिफारिश किए जाने की खबर सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, मुख्यमंत्री मान ने पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात के दौरान हवारा की मां की खराब सेहत का हवाला देते हुए उन्हें पैरोल देने की बात रखी।
बताया जा रहा है कि जगतार सिंह हवारा की मां की तबीयत ठीक नहीं रहती और उनकी इच्छा है कि वह अपने बेटे से मिल सकें। इसी मानवीय आधार पर हवारा को पैरोल देने की सिफारिश की गई है। इसके बाद पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने भी राज्यपाल से मुलाकात कर हवारा की पैरोल की मांग उठाई। वहीं, राज्यपाल की ओर से भी केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय से पैरोल को लेकर सिफारिश किए जाने की बात सामने आई है।
रिपोर्ट के अनुसार, हवारा के लिए एक दिन की पैरोल मंजूर होने की जानकारी सामने आई, लेकिन सूत्रों के मुताबिक उन्होंने एक दिन की पैरोल लेने से इनकार कर दिया और 10 दिन की पैरोल की मांग पर कायम हैं। अब इस पूरे मामले में अंतिम फैसला केंद्र सरकार की ओर से लिया जाना है।
जगतार सिंह हवारा का नाम 1995 के तत्कालीन पंजाब मुख्यमंत्री बेअंत सिंह हत्याकांड से जुड़ा रहा है। 31 अगस्त 1995 को चंडीगढ़ स्थित पंजाब एवं हरियाणा सिविल सचिवालय के बाहर हुए विस्फोट में बेअंत सिंह समेत कई लोगों की मौत हुई थी। इस मामले में हवारा को आरोपी बनाया गया और बाद में विशेष अदालत ने उन्हें दोषी ठहराते हुए फांसी की सजा सुनाई थी।
बाद में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने 2010 में फांसी की सजा को उम्रकैद में बदल दिया था। अदालत के आदेश के मुताबिक उन्हें जीवन के बाकी हिस्से तक जेल में रखने की शर्त भी लागू रही। हवारा वर्ष 2004 में बुढ़ैल जेल से सुरंग बनाकर फरार होने के मामले में भी चर्चा में रहे। हालांकि फरारी के बाद दिल्ली पुलिस ने उन्हें 8 जून 2005 को गिरफ्तार कर लिया था।
अब पैरोल की सिफारिश ने पुराने मामले को फिर राजनीतिक बहस के केंद्र में ला दिया है। एक तरफ इसे मानवीय आधार पर लिया गया कदम बताया जा रहा है, जबकि दूसरी ओर विपक्षी राजनीति में इसके अलग-अलग मायने निकाले जा रहे हैं। आने वाले दिनों में केंद्र सरकार का फैसला इस पूरे मामले की दिशा तय करेगा।



















